मोदी ने पुतिन को भेंट किया ‘तिरुक्कुरल’ का रूसी अनुवाद

युगवार्ता    11-Sep-2026
Total Views |
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को महान तमिल कवि एवं दार्शनिक तिरुवल्लुवर की अमर कृति ‘तिरुक्कुरल’ के रूसी भाषा में अनुवाद की प्रति भेंट करते हुए।


नई दिल्ली, 11 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय वार्ता के दौरान उन्हें महान तमिल कवि, दार्शनिक एवं संत तिरुवल्लुवर की अमर कृति ‘तिरुक्कुरल’ का रूसी अनुवाद भेंट किया। मोदी ने कहा कि यह पुस्तक महान तिरुवल्लुवर के शाश्वत ज्ञान परंपरा को भाषा और भौगोलिक सीमाओं के पार पहुंचाती है।

भारत मंडपम में हुई मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से एक-दूसरे का अभिवादन किया और विभिन्न द्विपक्षीय एवं साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने बाद में सोशल मीडिया मंच एक्स पर बैठक का वीडियो साझा करते हुए तिरुक्कुरल के रूसी अनुवाद को पुतिन को भेंट किए जाने की जानकारी दी।

मोदी ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति पुतिन को तिरुक्कुरल का रूसी अनुवाद भेंट किया, जो महान तिरुवल्लुवर के शाश्वत ज्ञान को भाषा और भौगोलिक सीमाओं से परे पहुंचाता है।”

तिरुक्कुरल तमिल साहित्य की महान कृतियों में शामिल है। इसमें 1,330 दोहे हैं, जिनमें नैतिकता, सदाचार, शासन, सामाजिक जीवन और मानवीय मूल्यों से जुड़े विचारों को संक्षिप्त एवं गहन रूप में प्रस्तुत किया गया है। महान कवि-दार्शनिक तिरुवल्लुवर की यह कृति तमिल साहित्य की महत्वपूर्ण रचनाओं में शामिल है। पुतिन को इसका रूसी अनुवाद भेंट करना भारत और रूस के बीच लंबे समय से चले आ रहे सांस्कृतिक एवं सभ्यतागत संबंधों को भी रेखांकित करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags