असम के शोणितपुर जिले में ट्रक और ईको वाहन की टक्कर, पांच युवकों की मौत

युगवार्ता    12-Sep-2026
Total Views |
शोणितपुर में हुए भीषण सड़क हादसे में मारे गए पांच युवकों की तस्वीरें।


शोणितपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। असम के शोणितपुर जिले में बालीपारा के समीप एक भीषण सड़क हादसे में पांच युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-15 पर टुबुकीझार स्थित मीट सप्लाई इलाके में हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक और ईको वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।

पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान संजय मेष, लाटुमनी (पापू) बोरा, नयन स्वर्गियारी, प्रांजल बनिया और हरबिंद (गोविंद) हाजोवारी के रूप में हुई है। सभी मृतक ओहनी पथार बटाबारी इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों वाहन विपरीत दिशाओं से आ रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने ईको वाहन को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। पुलिस ने लोगों की मदद से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया। दुर्घटनाग्रस्त ईको वाहन से कई शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं। हालांकि, इन बोतलों का हादसे से क्या संबंध है, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। तेज रफ्तार, वाहनों की स्थिति और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Tags