तेहरान, 12 सितंबर (हि.स.)। ईरान के अशांत सिस्तान-बलूचिस्तान प्रांत में शनिवार को सुरक्षाबलों और बंदूकधारियों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई। कार्रवाई के दौरान चार बंदूकधारी भी मारे गए। ईरानी अधिकारियों ने मुठभेड़ में मारे गए सुरक्षाकर्मियों की पहचान या घटना के बारे में अतिरिक्त विवरण तत्काल सार्वजनिक नहीं किया है।
ईरानी सरकारी टेलीविजन ने इस कार्रवाई को “आतंकवादियों” के खिलाफ अभियान बताया। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के हवाले से बताया गया कि रिवोल्यूशनरी गार्ड्स, खुफिया विभाग और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया था। इसमें चार संदिग्ध आतंकवादी मारे गए।
आईआरजीसी के बयान के मुताबिक, ये लोग सरावान शहर में कथित तौर पर एक “आतंकी अभियान” को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। हालांकि, बयान में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि मारे गए बंदूकधारी किसी विशेष संगठन से जुड़े थे या नहीं। कार्रवाई के दौरान सुरक्षाबलों ने हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक भी बरामद करने का दावा किया है।
सरावान ईरान की राजधानी तेहरान से करीब 1,300 किलोमीटर दूर स्थित है। सिस्तान-बलूचिस्तान ईरान के सबसे गरीब क्षेत्रों में शामिल है और इसकी सीमा पाकिस्तान तथा अफगानिस्तान से लगती है। क्षेत्र में लंबे समय से सुरक्षा बलों और सशस्त्र समूहों, जिहादी संगठनों तथा तस्करों के बीच हिंसक झड़पें होती रही है।----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय