
हो ची मिन्ह सिटी, 12 सितंबर (हि.स.)। तीसरी वरीयता प्राप्त भारत की ईशारानी बरुआ ने हमवतन रक्षिता श्रीरामराज को हराकर वियतनाम ओपन 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल फाइनल में जगह बना ली है। ईशारानी ने शनिवार को खेले गए सेमीफाइनल में रक्षिता को 21-10, 21-18 से हराया। मुकाबला 39 मिनट तक चला।
ईशारानी के लिए यह इस सत्र में बीडब्ल्यूएफ टूर के फाइनल में पहली बार पहुंचना है। इस सत्र में उनका इससे पहले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन मार्च में ऑरलियन्स मास्टर्स सुपर 300 में तीसरे स्थान पर रहना था।
दूसरी ओर, शीर्ष वरीयता प्राप्त भारत की तन्वी शर्मा को सेमीफाइनल में थाईलैंड की सारुनराक वितिदसार्न के खिलाफ कड़े मुकाबले में 19-21, 20-22 से हार का सामना करना पड़ा।
ईशारानी ने फाइनल तक के सफर में चीनी ताइपे की हुआंग चिंग पिंग को पिछले दौर में 21-15, 21-18 से हराया था। इससे पहले उन्होंने अंतिम-16 में मलेशिया की गोह जिन वेई को शिकस्त दी थी। उन्हें पहले दौर में बाई मिली थी।
पुरुष एकल में भारत के एचएस प्रणय का अभियान भी सेमीफाइनल में समाप्त हो गया। शीर्ष वरीयता प्राप्त तेह जिया हेंग ने प्रणय को 21-13, 21-8 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे