
नई दिल्ली, 13 सितंबर (हि.स.)। भारतीय रेलवे ने अगस्त महीने के दौरान यात्री कनेक्टिविटी और माल ढुलाई क्षमता दोनों में उल्लेखनीय विस्तार दर्ज किया है। अगस्त माह में रेलवे ने कुल 137.9 मिलियन टन माल की ढुलाई की, जो अगस्त 2025 के 130.9 मिलियन टन की तुलना में 5.4 प्रतिशत अधिक है। इसके साथ ही इस अवधि में रेलवे के माल ढुलाई राजस्व में 6.27 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
रेल मंत्रालय के अनुसार, पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में लौह अयस्क की लोडिंग में 12.1 प्रतिशत, क्लिंकर में 10.4 प्रतिशत, घरेलू कंटेनर ढुलाई में 9.2 प्रतिशत और कोयले की ढुलाई में 6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इसके अलावा तैयार इस्पात (फिनिश्ड स्टील) में 4.9 प्रतिशत, खनिज तेल में 3.1 प्रतिशत, उर्वरक में 1.6 प्रतिशत और अन्य शेष वस्तुओं की लोडिंग में 8.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
उद्योगों को अंतिम छोर तक तेज और सुगम माल ढुलाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अगस्त माह में 5 नए गति शक्ति कार्गो टर्मिनल (जीसीटी) चालू किए गए। साथ ही 31 अगस्त तक देश भर में चालू गति शक्ति टर्मिनलों की कुल संख्या बढ़कर 149 पहुंच गई है। ये नए टर्मिनल गुजरात के शिवलखा, तमिलनाडु के नल्ली, उत्तर प्रदेश के शक्तिनगर, मध्य प्रदेश के देवराग्राम और ओडिशा के ब्रजराजनगर में स्थापित किए गए हैं।
इसके अलावा आम यात्रियों को किफायती और आरामदायक यात्रा विकल्प उपलब्ध कराने के लिए अगस्त में 14 विशेष अमृत भारत सेवाओं को नियमित ट्रेनों में परिवर्तित किया गया। साथ ही देश में नियमित अमृत भारत सेवाओं की कुल संख्या बढ़कर 86 हो गई है। ये ट्रेनें उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र और तमिलनाडु जैसे प्रमुख राज्यों को आपस में जोड़ती हैं।
नियमित की गई प्रमुख सेवाओं में सूबेदारगंज-लोकमान्य तिलक टर्मिनस, गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस, गोरखपुर-दिल्ली जंक्शन, अहमदाबाद-भागलपुर, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज जंक्शन-उधना जंक्शन और धनबाद-कोयंबटूर रूट शामिल हैं। इन सेवाओं से पूर्वांचल, बिहार और झारखंड के औद्योगिक व प्रवासी कामगारों को मुंबई, गुजरात और दक्षिण भारत के लिए सीधी और किफायती यात्रा सुविधा मिलेगी।
यात्री यातायात के आंकड़ों के अनुसार, भारतीय रेलवे ने अगस्त में 67.27 करोड़ यात्रियों को मंजिल तक पहुंचाया, जबकि अगस्त 2025 में यह आंकड़ा 64.43 करोड़ था। इसमें उपनगरीय (लोकल) रेल नेटवर्क ने 9.02 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज की, जहां उपनगरीय यात्रियों की संख्या 34.89 करोड़ से बढ़कर 38.01 करोड़ हो गई। वहीं, रक्षाबंधन के त्योहारी सीजन के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 25 से 31 अगस्त के बीच 144 विशेष फेरे संचालित किए, जबकि पिछले वर्ष इस अवधि में केवल 48 विशेष फेरे चलाए गए थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर