भाजपा नशे व गैंगस्टरवाद के खिलाफ पंजाब में निकालेगी चार यात्राएं

युगवार्ता    14-Sep-2026
Total Views |
भाजपा सांसद तरुण चुग


नई दिल्ली, 14 सितंबर (हि.स.)।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंजाब के युवाओं को नशे की लत से मुक्त कराने के लिए नशे और गैंगस्टरवाद के खिलाफ अभियान को तेज करने का फैसला किया है। भाजपा 18 सितंबर से नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत करेगी।

भाजपा के केंद्रीय मुख्यालय के प्रभारी एवं सांसद तरुण चुग ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि पार्टी लगातार नशे, रंगदारी और गैंगस्टरों के राजनीतिकरण के खिलाफ आवाज उठाती रही है। अब राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में पंजाब में चार यात्राएं निकाली जाएंगी। इन यात्राओं की शुरुआत अलग-अलग स्थानों से होगी। उन्होंने बताया कि 18 सितंबर को पठानकोट से यात्रा का शुभारंभ भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे। 19 सितंबर को फतेहगढ़ साहिब से निकलने वाली यात्रा का शुभारंभ दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता करेंगी। इसी क्रम में 20 सितंबर को फाजिल्का से यात्रा शुरू होगी, जिसका नेतृत्व केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल करेंगे। वहीं 21 सितंबर को बठिंडा से यात्रा का शुभारंभ केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे।

चारों यात्राओं के जरिए पंजाब में नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि साथ ही रंगदारी और गैंगस्टरवाद के खिलाफ लोगों को जागरूक कर उन्हें इस लड़ाई में सक्रिय भागीदारी के लिए तैयार किया जाएगा। इन यात्राओं का उद्देश्य पंजाब को नशामुक्त और भयमुक्त बनाने के संकल्प को मजबूत करना है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Tags