युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो पहुंचीं आगरा, ताजमहल का किया दीदार

युगवार्ता    14-Sep-2026
Total Views |
डायना बेंच पर फोटोशूट करातीं उपराष्ट्रपति युगांडा जेसिका अलुपो


आगरा, 14 सितंबर (हि.स.)। युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो सोमवार को दिल्ली से अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ उत्तर प्रदेश के आगरा पहुंची। यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध ताजमहल की सुंदरता को निहारा और इस दौरान डायना बेंच पर बैठकर फोटो भी खिंचवाई।

युगांडा की उपराष्ट्रपति नई दिल्ली में आयोजित हुए 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के बाद सोमवार को 20 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ सड़क मार्ग से ताजमहल के पश्चिमी गेट पर पहुंची और ताजमहल का दीदार किया। इस दौरान उन्होंने साथ चल रहे गाइड से ताजमहल के इतिहास, संगमरमर के पत्थरों पर पच्चीकारी और शाहजहां और मुमताज के मकबरों के बारे में जानकारी ली।

उपराष्ट्रपति अलुपो ने ताजमहल परिसर में स्थित डायना बेंच पर बैठकर ताजमहल को बैकग्राउंड में लेते हुए फोटो खिंचवाई और ताजमहल की सुंदरता की यादों को फोटो में समेटा।

आगरा पुलिस आयुक्त दीपक कुमार, अपर पुलिस आयुक्त सचिंद्र पटेल, जिलाधिकारी मनीष बंसल एवं अन्य उच्चाधिकारीगण द्वारा उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो का स्वागत किया गया तथा उनके ताजमहल भ्रमण के दौरान आवश्यक सुरक्षा एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

11 फरवरी 1992 को ब्रिटेन की राजकुमारी डायना ताजमहल देखने आगरा पहुंची थी और अकेले ही उन्होंने इस बेंच पर बैठकर ताजमहल को बैकग्राउंड में लेते हुए एक फोटो खिंचवाई थी। राजकुमारी डायना की लाल कपड़े पहने हुए यह फोटो दुनिया भर में काफी मशहूर और वायरल हुई थी तभी से इस बैच का नाम डायना बेंच कहलाता है।

विजिटर बुक में लिखा 'Taj-Mahal is very beautiful and precious'

ताजमहल में तैनात भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के वरिष्ठ पुरातत्व सर्वेक्षण सहायक कलंदर विज ने बताया कि उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो ने ताजमहल में रखी विजिटर बुक में ताजमहल की सुंदरता और इसकी वास्तुकला की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने विजिटर बुक में लिखा है कि 'Taj-Mahal is very beautiful and precious' मतलब ताजमहल बहुत खूबसूरत और बेशकीमती है। करीब सवा घंटे ताजमहल की सुंदरता को निहारने, फोटो शूट करने और गाइड से ताजमहल में संगमरमर के सफेद पत्थरों पर सुंदर पच्चीकारी, इतिहास और इसके निर्माण संबंधी बिंदुओं पर जानकारी लेने के बाद वह अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ ताजमहल से अग्रिम कार्यक्रमों के लिए प्रस्थान कर गईं।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विवेक उपाध्याय

Tags