गाजा में इजराइली हमले में हमास का वरिष्ठ कमांडर मारा गया : आईडीएफ

युगवार्ता    15-Sep-2026
Total Views |

तेल अवीव, 15 सितंबर (हि.स.)। इजराइली सेना ने दावा किया है कि उत्तरी गाजा पट्टी में किए गए हवाई हमले में हमास के जबालिया बटालियन के कमांडर अहमद अल-बताश की मौत हो गई। सेना के मुताबिक, सोमवार देर रात गाजा सिटी के उत्तर में एक कार को निशाना बनाकर हमला किया गया था।

इजराइली रक्षा बल (आईडीएफ) के अनुसार, अल-बताश हमास की नॉर्थ गाजा ब्रिगेड की जबालिया बटालियन का नेतृत्व कर रहा था। फिलिस्तीनी मीडिया में प्रसारित एक कथित शहीद पोस्टर में भी उसकी मौत की जानकारी सामने आने की बात इजराइली सेना ने कही है।

आईडीएफ ने आरोप लगाया कि अल-बताश हाल के दिनों में इजराइली सैनिकों और नागरिकों के खिलाफ हमलों को आगे बढ़ाने तथा हमास की सैन्य क्षमताओं को फिर से मजबूत करने की कोशिशों में शामिल था। सेना ने यह भी दावा किया कि उसकी गतिविधियां संघर्षविराम का व्यवस्थित रूप से उल्लंघन कर रही थीं।

इजराइली सेना ने कहा कि अल-बताश को उसके द्वारा उत्पन्न खतरे को समाप्त करने के उद्देश्य से निशाना बनाया गया।

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब गाजा में संघर्षविराम के बावजूद इजराइल और हमास के बीच तनाव बना हुआ है। आईडीएफ के अनुसार, हाल के दिनों में इजराइली हमलों में हमास के कई वरिष्ठ सदस्य मारे गए हैं।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags