वर्षों से लंबित किशाऊ बांध परियोजना ने पकड़ी गति, नई दिल्ली में छह राज्यों के बीच हुआ अहम समझौता

युगवार्ता    15-Sep-2026
Total Views |
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात करते हुए


-हरियाणा को किशाऊ बांध परियोजना से मिलेगा 1280 क्यूसिक अतिरिक्त पानी

चंडीगढ़, 15 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज का दिन हरियाणा के लिए ऐतिहासिक है। किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना को लेकर छह राज्यों के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर होना वर्षों से लंबित इस परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना को लेकर हुई बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित संबंधित राज्यों के आला अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल भी मौजूद रहे।

नायब सिंह सैनी ने बताया कि रेणुका जी, लखवार और किशाऊ इन तीनों परियोजनाओं से हरियाणा के पानी का शेयर लगभग 1143 एमसीएम होगा। इन तीनों परियोजनाओं से कुल 2676 क्यूसेक पानी की उपलब्धता बढ़ेगी, जिसमें से 1280 क्यूसेक पानी हरियाणा के हिस्से में होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुना में हरियाणा के पानी का हिस्सा 48 प्रतिशत है। ऐसे में यमुना में पानी की उपलब्धता बढऩे से हरियाणा को इसका सीधा लाभ मिलेगा। किशाऊ परियोजना के साथ-साथ रेणुका जी और लखवार परियोजनाएं भी हरियाणा के लिए महत्वपूर्ण हैं। इन दोनों परियोजनाओं पर पहले से ही निर्माण कार्य चल रहा है और अब जल्द ही किशाऊ परियोजना पर भी काम शुरू होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पानी किसी भी प्रदेश के विकास की सबसे महत्वपूर्ण जरूरतों में से एक है। बढ़ती आबादी और विकास के साथ आने वाले समय में पानी की जरूरत भी बढ़ेगी। ऐसे में इन परियोजनाओं से बढऩे वाली पानी की उपलब्धता हरियाणा की वर्तमान जरूरतों के साथ-साथ आने वाली पीढिय़ों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Tags