एनएसई का आईपीओ 17 सितंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा, देश का दूसरा सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम

युगवार्ता    15-Sep-2026
Total Views |
आईपीओ की लॉन्चिंग के अवसर पर एनएसई के सीअईओ आशीष चौहान


आईपीओ की लॉन्चिंग के अवसर पर एनएसई के सीअईओ आशीष चौहान


-सीईओ ने बताया क्यों खास है एनएसई एक्सचेंज का यह आईपीओ

नई दिल्ली, 15 सितंबर (हि.स.)। देश की सबसे बड़ी स्टॉक एक्सचेंज कंपनी नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का बहुप्रतीक्षित आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 17 सितंबर को खुलेगा। इसमें निवेश के लिए निवेशक 21 सितंबर, 2026 तक बोली लगा सकते हैं। एक रुपये फेस वैल्यू वाले इस इश्यू के लिए मूल्य का दायरा (प्राइस बैंड) 1700-1785 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।

कंपनी ने मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का आईपीओ 17 सितंबर को खुलेगा और 21 सितंबर को बंद होगा। इस आईपीओ में निवेश के लिए एंकर निवेशक 16 सितंबर को बोली लगा सकते हैं। कंपनी ने इसके लिए मूल्य का दायरा (प्राइस बैंड) 1700-1785 रुपये प्रति शेयर तय किया है।

नई दिल्ली के होटल ताजमान सिंह में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में एनएसई के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) आशीष कुमार चौहान ने बताया कि भारत की अर्थव्यवस्था अगर आने वाले वित्त वर्ष में 6.5-7 फीसदी की रफ्तार से बढ़ती रहती है, तो इसका फायदा शेयर बाजार और खासतौर पर निफ्टी इंडेक्स को भी मिलेगा। चौहान ने यह भी कहा कि भारत की विकास यात्रा के साथ एनएसई के लिए अगले 30-50 सालों में बड़ा अवसर मौजूद है।

एनएसई का बहुप्रतीक्षित एक रुपये की फेसवैल्यू वाला 22,569 करोड़ रुपये का यह आईपीओ पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) है। इसमें निवेशक न्यूनतम 35 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद 35 इक्विटी शेयरों के गुणकों में बोली लगा सकते हैं। एमयूएफजी इनटाइम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड इस आईपीओ का रजिस्ट्रार है। एनएसई के शेयर को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर सूचीबद्ध कराने का प्रस्ताव है। 2024 में हुंडई मोटर इंडिया के 27,870 करोड़ रुपये के इश्यू के बाद ये देश का दूसरा सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम होगा।

कंपनी के मुताबिक एक रुपये की फेसवैल्यू वाला ये आईपीओ पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) है। इसमें मौजूदा कॉरपोरेट शेयरहोल्डर्स कुल 12,64,36,650 शेयर बेच रहे हैं। इन बेचने वाले शेयर होल्डर्स में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) ,कनाडा पेंशन प्लान इन्वेस्टमेंट बोर्ड, अरंदा इन्वेस्टमेंट्स (मॉरीशस) पीटीई लिमिटेड, एमएस स्ट्रैटेजिक (मॉरीशस) लिमिटेड, द न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी लिमिटेड, एसबीआई कैपिटल मार्केट्स लिमिटेड, बैंक ऑफ बड़ौदा, स्टॉक होल्डिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, जनरल इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड और यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एनएसई) ने 1994 में काम शुरू किया था। यह भारत का पहला एक्सचेंज है, जिसने इलेक्ट्रॉनिक यानी स्क्रीन-बेस्ड ट्रेडिंग शुरू की। एनएसई का बिजनेस मॉडल पूरी तरह से जुड़ा हुआ है, जिसमें एक्सचेंज लिस्टिंग, ट्रेडिंग सेवाएं, क्लियरिंग और सेटलमेंट, इंडेक्स और मार्केट डेटा शामिल हैं। इसके अलावा एनएसई यह भी देखता है कि ट्रेडिंग/क्लियरिंग मेंबर्स और लिस्टेड कंपनियां सेबी और एक्सचेंज के नियमों का सही से पालन करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags