लद्दाख, 16 सितंबर (हि.स.)। देशभर से चुनी गईं बीस राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की महिला कैडेटों ने बुधवार को 30 दिन की 250 किलोमीटर लंबी 'अपराजिता-परंग ला 2026' पर्वतीय ट्रेक पूरी की। इस ट्रेक में उन्होंने हिमाचल प्रदेश की स्पीति घाटी को लद्दाख के चांगथांग क्षेत्र से जोड़ने वाले 5,578 मीटर ऊंचे परंग ला दर्रे को पार किया।
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की प्रमुख साहसिक गतिविधि, अखिल भारतीय महिला पर्वतीय ट्रेक को लद्दाख के करज़ोक से एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स और रक्षा मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव दीप्ति मोहिल चावला ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
उन्होंने बताया कि इस अभियान में ग्लेशियर, बर्फ के मैदान और नदी घाटियों सहित चुनौतीपूर्ण पर्वतीय भूभाग को शामिल किया गया। उन्होंने आगे बताया कि एनसीसी अधिकारियों, प्रशिक्षकों, चिकित्सा कर्मचारियों और सहायक कर्मियों के साथ कैडेटों ने हिमाचल प्रदेश के किब्बर से लद्दाख के करज़ोक तक की ट्रेक पूरी की।
उन्होंने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 18 अगस्त को नई दिल्ली से इस अभियान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कैडेट्स और स्टाफ को अभियान की सफल समाप्ति पर बधाई देते हुए वत्स ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम वर्क और सहनशक्ति विकसित करने में योगदान देती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह