अमृतसर में 27 किलो हेरोइन, पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद, चार गिरफ्तार किए

युगवार्ता    16-Sep-2026
Total Views |
अमृतसर पुलिस ने बरामद की 27 किलो हेरोइनए और पिस्तौल


अमृतसर, 16 सितंबर (हि.स.)। पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने नशे और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा पार से संचालित एक कथित तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से 27 किलो हेरोइन, विदेशी निर्मित .30 बोर पीएक्स5 पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद हुए हैं।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को संकेत मिले हैं कि गिरफ्तार आरोपित सीमा पार बैठे तस्करों के संपर्क में थे और उनके निर्देशों पर नशे की खेप आगे पहुंचाने का काम कर रहे थे। जांच में इस नेटवर्क के दुबई स्थित एक व्यक्ति से संपर्क होने की बात भी सामने आई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपितों की भूमिका केवल सप्लाई तक सीमित थी या वे नेटवर्क के अन्य हिस्सों से भी जुड़े थे। कार्रवाई के बाद थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों, सप्लाई चेन और वित्तीय लेनदेन की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि 27 किलो हेरोइन की खेप किस रास्ते से पंजाब पहुंची और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। इसके अलावा आरोपितों के पिछले और अगले संपर्कों की भी जांच की जा रही है। अवैध हथियारों की बरामदगी को देखते हुए पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि हथियारों की सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी और इस नेटवर्क का किसी संगठित आपराधिक गिरोह से संबंध है या नहीं।

पंजाब पुलिस का कहना है कि सीमा पार से होने वाली ड्रग और हथियार तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

Tags