सेमिकॉन इंडिया-2026 में वैश्विक निवेशकों के समक्ष मध्य प्रदेश रखेगा सेमीकंडक्टर क्षेत्र की संभावनाएं

युगवार्ता    16-Sep-2026
Total Views |
सेमिकॉन इंडिया-2026


- दिल्ली के यशोभूमि में 17 से 19 सितंबर तक प्रदेश की सेमीकंडक्टर नीति, निवेश अवसर और इकोसिस्टम का होगा प्रदर्शन

भोपाल, 16 सितम्बर (हि.स.)। देश की राजधानी नई दिल्ली में 17 से 19 सितंबर तक आयोजित सेमिकॉन इंडिया-2026 में मध्य प्रदेश वैश्विक उद्योग जगत के प्रमुखों और निवेशकों के समक्ष प्रदेश के उभरते सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स इकोसिस्टम को प्रस्तुत करेगा।

जनसम्पर्क अधिकारी जूही श्रीवास्तव ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत मध्य प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड सेमिकॉन आयोजन में स्टेट पार्टनर के रूप में सहभागिता कर रहा है। प्रमुख सचिव एम. सेल्वेंद्रन और एमपीएसईडीसी के प्रबंध संचालक आशीष वशिष्ठ प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस दौरान यूएस-इंडिया, जापान-इंडिया, सिंगापुर-इंडिया, दक्षिण कोरिया-इंडिया और मलेशिया-इंडिया राउंडटेबल में सहभागिता होगी। यूरोप-इंडिया संवाद में नीदरलैंड, स्वीडन, जर्मनी और इटली के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, सेमिकॉन में भारत एवं विश्वभर के नीति-निर्माता, सेमीकंडक्टर कंपनियां, निवेशक, प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ, शैक्षणिक संस्थान और उद्योग संगठन सहभागिता करेंगे। मध्य प्रदेश द्वारा अपनी सेमीकंडक्टर विजन, निवेश अवसर, कुशल मानव संसाधन, औद्योगिक अधोसंरचना और मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर नीति-2025 के अंतर्गत उपलब्ध सहायता एवं सुविधाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सेमिकॉन में प्रदेश की नीतिगत सहायता, सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र के विकास और निवेश के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। वैश्विक कंपनियों को प्रदेश में सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण इकाइयां, चिप डिजाइन सेंटर, एडवांस्ड पैकेजिंग सुविधाएं, अनुसंधान केंद्र और अन्य संबद्ध गतिविधियां स्थापित करने के अवसरों से अवगत कराया जाएगा। विनिर्माण, उपकरण एवं सामग्री, चिप डिजाइन, अनुसंधान, नवाचार, कार्यबल विकास और तकनीकी सहयोग में अंतर्राष्ट्रीय साझेदारी की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी।

स्टेट पवेलियन में प्रदर्शित होंगी प्रदेश की क्षमताएं को

जनसम्पर्क अधिकारी ने बताया कि सेमिकॉन इंडिया-2026 में मध्य प्रदेश का समर्पित स्टेट पवेलियन होगा, जिसमें सेमीकंडक्टर विनिर्माण, इलेक्ट्रॉनिक्स, नवाचार, अनुसंधान एवं प्रतिभा विकास के क्षेत्र में प्रदेश की क्षमताओं को प्रदर्शित किया जाएगा। पवेलियन में पारस सेमीकंडक्टर, सिक्योर सर्किट्स, कास्टएनएक्स और एचएलबीएस सहित उद्योग जगत के प्रतिभागी शामिल होंगे।

प्रदेश के प्रमुख शैक्षणिक संस्थान आईआईटी इंदौर, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय तथा श्री गोविंदराम सेकसरिया प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान भी सहभागिता करेंगे। इससे प्रदेश की शैक्षणिक एवं अनुसंधान क्षमताओं, इंजीनियरिंग प्रतिभा तथा शासन-उद्योग-अकादमिक सहयोग की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।

17 सितंबर को होगी विशेष राउंडटेबल चर्चा

17 सितंबर को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी स्वीडन, जापान, दक्षिण कोरिया और अन्य अंतर्राष्ट्रीय बाजारों के प्रतिनिधियों एवं सेमीकंडक्टर क्षेत्र के हितधारकों के साथ विशेष राउंडटेबल चर्चा करेंगे। इसमें निवेश, तकनीकी साझेदारी, संयुक्त अनुसंधान, प्रतिभा विकास तथा सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन में सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श होगा। इस अवसर पर मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर नीति-2025 प्रस्तुत कर डिजाइन, विनिर्माण, एडवांस्ड पैकेजिंग और संबद्ध इलेक्ट्रॉनिक्स गतिविधियों के लिए उपलब्ध सहायता एवं सुविधाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

वैश्विक साझेदारी और नए निवेश के अवसरों को मिलेगा प्रोत्साहन

सेमिकॉन इंडिया-2026 में मध्य प्रदेश की सहभागिता का उद्देश्य वैश्विक साझेदारियां विकसित करना, नए निवेश आकर्षित करना तथा सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के क्षेत्र में प्रदेश को उभरते निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करना है। प्रदेश की नीतिगत सहायता, औद्योगिक क्षमताओं, शैक्षणिक सामर्थ्य और कुशल मानव संसाधन को वैश्विक कंपनियों के समक्ष एकीकृत निवेश प्रस्ताव के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags