सर्वदलीय बैठक में हुई नेपाल में बाढ़ के बाद राहत और पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा

युगवार्ता    16-Sep-2026
Total Views |
सर्वदलीय बैठक में उपस्थित नेता


काठमांडू, 16 सितंबर (हि.स.)। नेपाल के सत्तारूढ़ दल राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के सभापति रवि लामिछाने के आह्वान पर हुई सर्वदलीय बैठक में बाढ़ के बाद चल रहे राहत, खोज-बचाव और पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई।

बैठक के बाद आरएसपी के प्रवक्ता जगदीश खरेल ने बताया कि भोटेकोसी बाढ़ समेत समसामयिक मुद्दों पर चर्चा हुई। बाढ़ के बाद खोज, बचाव, राहत वितरण, पुनर्स्थापना और पुनर्निर्माण के क्षेत्रों में सरकार तथा राजनीतिक दलों की ओर से किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में रवि लामिछाने के संयोजकत्व वाले सर्वदलीय राजनीतिक तंत्र को जारी रखने का भी फैसला लिया गया। खरेल के अनुसार इस तंत्र में आरएसपी, नेपाली कांग्रेस, नेकपा (एमाले), नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी, श्रम संस्कृति, राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी, जनता समाजवादी पार्टी नेपाल, जनमत पार्टी समेत संसद में प्रतिनिधित्व करने वाले और संसद से बाहर के दलों की भागीदारी रहेगी।

इसके अलावा एक सप्ताह के भीतर संसदीय विशेष समिति गठित करने पर भी सहमति बनी है। समिति में संसद में दलों की सीट संख्या के आधार पर प्रतिनिधित्व होगा। यह समिति आपदा प्रभावित क्षेत्रों का अध्ययन, जांच और समन्वय करेगी। हालांकि, समिति के कार्यक्षेत्र का निर्धारण अभी बाकी है। बैठक में प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की आगामी संयुक्त राष्ट्रसंघ यात्रा के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags