
लखनऊ, 16 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को धार देने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी ने समन्वय बैठकें शुरू कर दी है। बुधवार को राजधानी लखनऊ के बंथरा स्थित एक रिसॉर्ट में भाजपा एवं संघ की समन्वय बैठक संपन्न हुई।
इस बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष और प्रदेश भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े मुख्य रूप से उपस्थित रहे। शीर्ष नेताओं ने साफ संदेश दिया कि आगामी चुनाव सिर्फ सत्ता की लड़ाई नहीं है, बल्कि लोकतंत्र को बचाने की एक वैचारिक लड़ाई है।
बैठक में आगाह किया गया कि विपक्ष लगातार समाज को बांटने और जातियों में बिखराव पैदा करने का काम कर रहा है। इसके लिए संघ ने 'लोकमत परिष्कार' का संकल्प लिया है। नेताओं ने कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर बेहद संयम, धैर्य और विषय की स्पष्टता के साथ काम करने की नसीहत दी।
ब्लाक स्तर तक के कार्यकर्ताओं से होगा संवाद
संघ से जुड़े विभिन्न आनुषंगिक संगठनों के पदाधिकारी अब सीधे ब्लॉक स्तर तक जाकर आम कार्यकर्ताओं और जनता से सीधा संवाद स्थापित करेंगे। अब जोर आपसी समन्वय को मजबूत करने, आंतरिक मतभेदों को खत्म करने और सीधे ब्लॉक व बूथ स्तर पर जनता के बीच जाकर 'लोकमत परिष्कार' करने पर है। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आपसी मतभेदों को पूरी तरह भुलाकर एकजुटता के साथ चुनावी मैदान में उतरना और विपक्ष के नैरेटिव को ध्वस्त करना रहा।
बैठक में तय हुआ कि सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए कार्यकर्ता समाज के बीच संत रविदास, भगवान बिरसा मुंडा और वंदेमातरम के गौरवशाली इतिहास व विषयों को लेकर जाएंगे। भाजपा के 'सेवा संकल्प अभियान' के तुरंत बाद, पूरे उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर संत रविदास जयंती मनाई जाएगी, जिसके जरिए दलित और वंचित समाज के बीच पैठ मजबूत की जाएगी।
बैठक में अवध और कानपुर के प्रान्तीय पदाधिकारी रहे उपस्थित
समन्वय बैठक के दौरान संगठनात्मक रूप से अति महत्वपूर्ण अवध और कानपुर प्रांत की विशेष बैठक हुई। इसमें दोनों प्रांतों के जमीनी फीडबैक पर चर्चा की गई।संघ की ओर से पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र प्रचारक अनिल, अवध प्रांत के प्रांत प्रचारक कौशल, सह प्रांत प्रचारक संजय, कानपुर के प्रांत प्रचारक श्रीराम सहित दोनों प्रांतों की प्रांत टोली के चयनित पदाधिकारी और सभी विभाग प्रचारक मौजूद रहे।
भाजपा की ओर से प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, अवध क्षेत्र के भाजपा प्रभारी दिलीप पटेल व कानपुर के प्रभारी तथा प्रदेश महामंत्री शंकर लाल लोधी सहित विभिन्न संगठनों के प्रांतीय पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन