
-पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम पुलिस रिमांड पर लेकर करेगी पूछताछ- पुराने नक्सली मामलों और माओवादी नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की होगी जांच
पश्चिमी सिंहभूम, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के केंद्रीय कमेटी सदस्य (सीसीएम) असीम मंडल उर्फ आकाश के पश्चिम बंगाल में गिरफ्तार होने के बाद झारखंड के कोल्हान क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता बढ़ गई है। पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम जिला पुलिस असीम मंडल को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान कोल्हान क्षेत्र में माओवादी संगठन के नेटवर्क, पुराने नक्सली मामलों, हथियार और विस्फोटक के ठिकानों तथा संगठन से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित रेनू ने गुरुवार को बताया कि असीम मंडल को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।
वहीं, पूर्वी सिंहभूम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. एहतेशाम वकारिब ने भी मामले को लेकर आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं। खुफिया विभाग असीम मंडल से जुड़े मामलों और कोल्हान क्षेत्र में उसकी कथित गतिविधियों से संबंधित जानकारी जुटा रहा है।
2.20 करोड़ रुपये का था इनाम
पुलिस के मुताबिक, पश्चिम मेदिनीपुर जिले के चंद्रकोना थाना क्षेत्र के उत्तर फूलचुक निवासी असीम मंडल पर झारखंड और ओडिशा में कुल 2.20 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। इसमें झारखंड सरकार की ओर से एक करोड़ और ओडिशा सरकार की ओर से 1.20 करोड़ रुपये का इनाम शामिल है।
असीम मंडल 55 से अधिक मामलों में वांछित बताया गया है। माओवादी संगठन के शीर्ष स्तर पर उसकी भूमिका और कोल्हान क्षेत्र में उसकी कथित सक्रियता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ को महत्वपूर्ण मान रही हैं।
पूर्व सांसद सुनील महतो हत्याकांड सहित कई मामलों में नाम
पूर्वी सिंहभूम पुलिस के अनुसार, असीम मंडल का नाम जिले में दर्ज कई चर्चित नक्सली मामलों में सामने आया है। इनमें पूर्व सांसद सुनील महतो की हत्या का मामला भी शामिल बताया जाता है। इसके अलावा 11 जुलाई 2018 को एमजीएम थाना क्षेत्र के झाटी पहाड़ी में सुरक्षा बलों पर हुए हमले में भी उसका नाम सामने आया था। इस घटना में एक सुरक्षाकर्मी की मृत्यु हुई थी।
पुलिस अब इन पुराने मामलों में असीम मंडल की कथित भूमिका और माओवादी संगठन के नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की भी जांच करेगी।
पश्चिमी सिंहभूम में भी कई हमलों से जुड़ा नाम
पश्चिमी सिंहभूम में भी असीम मंडल का नाम सुरक्षा बलों पर हुए कई हमलों से जुड़े मामलों में सामने आया है। पुलिस के अनुसार, एक मार्च 2026 को छोटानागरा थाना क्षेत्र के मरांगपोंगा में 209 कोबरा के असिस्टेंट कमांडेंट समेत दो सुरक्षाकर्मी घायल हुए थे।
इसी तरह 12 अप्रैल 2025 को जराइकेला थाना क्षेत्र के राधापोरा में झारखंड जगुआर के एक जवान की मृत्यु हुई थी। 11 जनवरी 2023 को टोंटो थाना क्षेत्र के तुम्बाहाका में 209 कोबरा के नौ जवान घायल हुए थे। 31 मई 2020 को कराईकेला थाना क्षेत्र के जोंवा में सुरक्षा बल के एक जवान की मृत्यु के मामले में भी असीम मंडल का नाम सामने आया था।
हथियार डंप और स्थानीय नेटवर्क की जानकारी जुटाएगी पुलिस
रिमांड के दौरान पुलिस का विशेष जोर माओवादी संगठन के हथियार एवं विस्फोटक डंप, सुरक्षित ठिकानों, स्थानीय सहयोगियों, संपर्क सूत्रों और कोल्हान में संगठन की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी हासिल करने पर रहेगा। इसके अलावा पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में दर्ज पुराने नक्सली मामलों में असीम मंडल की कथित भूमिका को लेकर भी पूछताछ की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लंबे समय तक माओवादी संगठन के शीर्ष स्तर पर सक्रिय रहे असीम मंडल से पूछताछ के बाद कोल्हान में माओवादी नेटवर्क से जुड़े कई तथ्यों की जानकारी मिल सकती है। झारखंड पुलिस पश्चिम बंगाल में संबंधित कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक