
नई दिल्ली, 17 सितंबर (हि.स.)। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला गुरुवार को यहां अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारत पहले बल्लेबाजी करेगा।
अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान ने टॉस के बाद कहा कि उनकी टीम पिछले दो मुकाबलों में भी पहले गेंदबाजी करना चाहती थी, लेकिन टॉस उनके पक्ष में नहीं गया। उन्होंने कहा, “अगर आप विकेट को देखें तो यह गेंदबाजों के लिए काफी मददगार है और मुझे पूरा भरोसा है कि हम गेंदबाजी में अपनी योजनाओं को अच्छी तरह लागू करेंगे। हम उन पर दबाव बनाने की कोशिश करेंगे और उन्हें बड़ा स्कोर खड़ा करने का मौका नहीं देंगे।”
सीरीज गंवाने के बाद टीम की मानसिकता पर जादरान ने कहा, “हम सीरीज हार चुके हैं, लेकिन हमने उन क्षेत्रों के बारे में सोचा है जिन पर हमें काम करने की जरूरत है और पिछले दो मैचों में हमने क्या अच्छा नहीं किया। हम बेहतर क्रिकेट खेलने और उनके खिलाफ एक मैच जीतकर सीरीज का अंत अच्छे तरीके से करने की कोशिश करेंगे।”
जादरान ने भारतीय टीम की तारीफ करते हुए कहा, “भारत दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक है। टी-20 क्रिकेट में उनके पास लगभग सभी विभागों में मजबूत खिलाड़ी हैं। लेकिन हम हमेशा चीजों को अपने लिए आसान रखने और उन्हें जटिल नहीं बनाने की कोशिश करते हैं। हम सिर्फ अपना 100 प्रतिशत देने और उनके खिलाफ बेहतर क्रिकेट खेलने की कोशिश करेंगे।”
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि वह टॉस जीतते तो पहले बल्लेबाजी करना पसंद करते। उन्होंने कहा, “हम पहले बल्लेबाजी करते। यह हमारे लिए एक मजेदार चुनौती भी है। यह महत्वपूर्ण है कि हम मौजूदा पल पर टिके रहें और चीजों को जटिल न बनाएं।”
अय्यर ने भारतीय टीम में एक बदलाव की जानकारी देते हुए बताया कि यश ठाकुर को अर्शदीप सिंह की जगह अंतिम एकादश में शामिल किया गया है।
भारत की प्लेइंग एकादश: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, यश ठाकुर, जसप्रीत बुमराह।
अफगानिस्तान की प्लेइंग एकादश: इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, अब्दुल्ला अहमदजई, दरवेश रसूली, नूर उल रहमान, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, मुजीब उर रहमान, फजलहक फारूकी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे