डूसू मतदान संपन्न, अभाविप ने क्लीन स्वीप का दावा किया

युगवार्ता    18-Sep-2026
Total Views |
अभाविप के कार्यकर्ता दो कॉलेज में जीत की खुशी मनाते हुए।


- एनएसयूआई पर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोपनई दिल्ली, 18 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) और संबद्ध कॉलेजों में शुक्रवार को मतदान संपन्न होने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने कई कॉलेजों में जीत को लेकर भरोसा जताया है। छात्र संगठन ने डूसू के केंद्रीय पैनल के चारों पदों पर क्लीन स्वीप करने का दावा किया है। साथ ही एबीवीपी ने विपक्षी छात्र संगठन एनएसयूआई पर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

अभाविप की विज्ञप्ति के अनुसार विभिन्न कॉलेज छात्रसंघ चुनावों में उसके पैनल ने बड़े अंतर से जीत हासिल की है। संगठन ने दावा किया कि अदिति महाविद्यालय (सभी पद), अरविंदो कॉलेज मॉर्निंग (6-0), भारती महाविद्यालय (8 पद), शिवाजी कॉलेज (6-0) और डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (4 पद) में परिषद के उम्मीदवारों ने क्लीन स्वीप किया है।

इसके अलावा केशव महाविद्यालय में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव पद, श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज में अध्यक्ष, सचिव सहित दोनों सेंट्रल काउंसलर पद तथा श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) और डिपार्टमेंट ऑफ लाइब्रेरी साइंसेज में सभी प्रमुख पदों पर अभाविप प्रत्याशियों की जीत का दावा किया गया है।

कॉलेज स्तर पर मिले समर्थन के आधार पर अभाविप ने डूसू के केंद्रीय पैनल में भी 4-0 से जीत का विश्वास जताया है। संगठन का कहना है कि अध्यक्ष पद के प्रत्याशी यश डबास, उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी ईशू मौर्य, सचिव पद की प्रत्याशी रिया छाबड़ी और संयुक्त सचिव पद के प्रत्याशी लक्ष्यराज सिंह के पक्ष में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर मतदान किया है।

मतदान प्रक्रिया के दौरान अभाविप ने कांग्रेस समर्थित नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) पर चुनावी नियमों के उल्लंघन के आरोप लगाए।

संगठन के मुताबिक दयाल सिंह कॉलेज में अभाविप के नाम और पैनल के गलत विवरण वाली पर्चियां बांटने के मामले में दो लोगों को पुलिस को सौंपा गया। वहीं, विधि केंद्र (एलसी-2 मॉर्निंग) में फर्जी पहचान पत्र के साथ मतदान केंद्र पहुंची एक छात्रा को सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ा जबकि उसकी दो अन्य साथी फरार हो गईं। अभाविप ने इन मामलों की जांच कर दोषियों पर नियम सम्मत कार्रवाई की मांग की है।

अभाविप दिल्ली के प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि विरोधी दलों के तमाम प्रयासों के बावजूद विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने अपने विवेक से मतदान किया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संगठन दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा चुनाव प्रक्रिया और विजय जुलूस पर रोक को लेकर जारी दिशा-निर्देशों का स्वागत करता है तथा सभी कार्यकर्ताओं को इन निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags