भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने बाढ़ प्रभावितों के लिए तीन माह का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में दिया

युगवार्ता    18-Sep-2026
Total Views |
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की फोटो


पटना, 18 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बिहार में बाढ़ की स्थिति पर चिंता जताते हुए राज्य सरकार की ओर से चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को वित्तीय सहायता, राहत शिविरों, सामुदायिक रसोई और चिकित्सा सुविधाओं के माध्यम से मदद पहुंचाई जा रही है। राज्यसभा सदस्य के रूप में उन्होंने अपने तीन माह के वेतन की राशि 6.35 लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष में अंशदान की है।

शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में नितिन नवीन ने कहा कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और प्रभावित लोगों तक समय पर राहत एवं आवश्यक सहायता पहुंचाने के लिए सरकार पूरी तत्परता से काम कर रही है। उनके अनुसार, राज्य सरकार ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को सात हजार रुपये प्रति परिवार की दर से अब तक 550 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई है।

भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविरों, सामुदायिक रसोई, चिकित्सा सुविधाओं और पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था की गई है। बचाव कार्यों में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात हैं। किसानों की फसल क्षति का आकलन भी किया जा रहा है, जिसके आधार पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार भी बिहार की बाढ़ स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 16 सितंबर को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया था। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और केंद्र की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया था।

नितिन नवीन ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है और राहत कार्यों को पूरी तत्परता से आगे बढ़ाया जा रहा है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Tags