भारत-अफगानिस्तान 'द फ्रेंडशिप कप' पर रोहन जेटली ने जताया उत्साह, कहा- क्रिकेट ने दोनों देशों को करीब लाने में निभाई अहम भूमिका

युगवार्ता    18-Sep-2026
Total Views |
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर और अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान को फ्रेंडशिप कप सौंपते डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली


नई दिल्ली, 18 सितंबर (हि.स.)।दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के अध्यक्ष रोहन जेटली ने भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली गई 'द फ्रेंडशिप कप' टी-20 श्रृंखला के सफल आयोजन पर खुशी जताई है। उन्होंने भारत को तीन मैचों की श्रृंखला में 3-0 से जीत की बधाई देते हुए कहा कि यह श्रृंखला क्रिकेट के शानदार उत्सव के साथ-साथ दोनों देशों के बीच मजबूत रिश्तों की भी अभिव्यक्ति बनी।

रोहन जेटली ने कहा, “भारतीय टीम को अफगानिस्तान के खिलाफ यादगार 3-0 की श्रृंखला जीत के लिए बधाई। 'द फ्रेंडशिप कप' क्रिकेट का शानदार उत्सव रहा। अरुण जेटली स्टेडियम में तीनों मैचों के दौरान 85 हजार से अधिक दर्शकों की भारी मौजूदगी देखकर बेहद खुशी हुई। अफगानिस्तान से भी हजारों प्रशंसक इस अवसर का हिस्सा बनने के लिए दिल्ली पहुंचे। पूरी श्रृंखला के दौरान स्टेडियम में नजर आया शानदार माहौल दिल्ली में क्रिकेट के प्रति लोगों के जुनून को दर्शाता है।”

उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ अपनी घरेलू श्रृंखला दिल्ली में खेलना दोनों देशों के बीच मजबूत संबंधों और लोगों को करीब लाने में खेल की भूमिका का बेहतरीन उदाहरण रहा। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पड़ोसी देशों के साथ मजबूत संबंधों के दृष्टिकोण के अनुरूप भी बताया।

डीडीसीए अध्यक्ष ने कहा, “हम अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड और आईसीसी अध्यक्ष जय शाह के सहयोग और प्रयासों के लिए आभारी हैं, जिनकी वजह से यह श्रृंखला संभव हो सकी और दिल्ली को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इस यादगार अध्याय का हिस्सा बनने का अवसर मिला।”

उन्होंने कहा, “हमें गर्व है कि डीडीसीए और दिल्ली भारत तथा अफगानिस्तान के बीच तीन रोमांचक मुकाबलों की मेजबानी में अपनी भूमिका निभा सके। इससे प्रशंसकों को दोनों टीमों के बीच शानदार और उच्च स्तर का क्रिकेट देखने का अवसर मिला।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags