नेपाल में बाढ़ से तबाह हुए अपर त्रिशूली-1 के टनल से 13 शव बरामद

युगवार्ता    18-Sep-2026
Total Views |
नेपाल के हाइड्रोपावर टनल से शव निकलते हुए


काठमांडू, 18 सितंबर (हि.स.)। नेपाल के ऊपरी त्रिशूली-1 जलविद्युत परियोजना के एडिट-3 टनल के अंदर खोज और बचाव अभियान के दौरान शुक्रवार को कुल 13 शव बरामद किए गए हैं।

नेपाली सेना और परियोजना के प्रतिनिधियों की संयुक्त बचाव टीम लगातार टनल के अंदर खोज अभियान चला रही है। इसी दौरान लोहे की छड़ों से बनी जाली में फंसी हालत में ये शव मिले।

इससे पहले दोपहर 12:05 बजे के अपडेट के अनुसार टनल के अंदर से पहले 6 शव बरामद कर बाहर निकाले गए थे। इसके बाद तलाशी अभियान के दौरान 7 और शव मिलने की जानकारी नेपाली सेना ने दी। इस तरह अब तक इस टनल से कुल 13 शव बरामद किए जा चुके हैं।

सेना के मुताबिक, टनल के अंदर खोज और बचाव अभियान अभी भी जारी है।

इसी बीच, त्रिशूली-3बी जलविद्युत परियोजना के पावर हाउस क्षेत्र में भी नेपाली सेना सहित संयुक्त बचाव दल ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है। संयुक्त टीम ने 3 एक्स्काभेटर और लोडर की मदद से पावर हाउस क्षेत्र में खुदाई कर खोजबीन की, लेकिन अभी तक वहां से कोई शव या अन्य व्यक्ति नहीं मिला है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags