एशियन गेम्स 2026: नीरज चोपड़ा ने भारतीय दल को दी शुभकामनाएं

युगवार्ता    19-Sep-2026
Total Views |
नीरज चोपड़ा


नई दिल्ली, 19 सितंबर (हि.स.)। स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने 20वें एशियन गेम्स में हिस्सा ले रहे भारतीय दल को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई है कि भारतीय खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर देश को गौरवान्वित करेंगे।

नीरज चोपड़ा इस बार के एशियन गेम्स का हिस्सा नहीं हैं। दो बार के ओलंपिक पदक विजेता चोपड़ा टखने के लिगामेंट में चोट के कारण एशियन गेम्स से बाहर हैं। हालांकि वह भले ही प्रतियोगिता में शामिल नहीं हैं, लेकिन भारतीय दल के लिए उनका समर्थन बरकरार है।

वर्ष 2018 एवं 2023 एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीत चुके चोपड़ा ने जापान पहुंचे भारतीय खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शनिवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, ''एशियन गेम्स 2026 में टीम इंडिया को मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएं। मुझे यकीन है कि वे सभी हमें गौरवान्वित करेंगे।''

जापान के आइची-नागोया में एशियन गेम्स 2026 का शनिवार को आधिकारिक रूप से आगाज हो गया। पालोमा मिजुहो स्टेडियम में आयोजित भव्य उद्घाटन समारोह में एशिया के विभिन्न देशों से पहुंचे खिलाड़ी और अधिकारी शामिल हुए।

उद्घाटन समारोह में भारतीय दल ने पूरे जोश के साथ मार्च किया। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर और स्टार कबड्डी खिलाड़ी पवन सेहरावत हाथों में तिरंगा लेकर भारतीय दल की अगुआई करते नजर आए। उनके पीछे भारतीय खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ मार्च किया।

एशियन गेम्स 2026 में भारत के 500 से ज्यादा खिलाड़ी 36 खेलों में हिस्सा ले रहे हैं। भारत ने पिछले एशियन गेम्स में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कुल 107 पदक जीते थे, जिसमें 28 स्वर्ण, 38 रजत और 41 कांस्य पदक शामिल थे। इस बार भी भारतीय दल इसी प्रदर्शन को आगे बढ़ाने के लक्ष्य के साथ प्रतियोगिता में उतरा है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Tags