ब्रसेल्स, 19 सितंबर (हि.स.)। जर्मनी के चीफ ऑफ डिफेंस जनरल कार्स्टन ब्रॉयर को 'उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन' (नाटो) की सैन्य समिति का अगला अध्यक्ष चुना गया है। 32 सदस्यीय वाले नाटो के सैन्य प्रमुखों ने शनिवार को कोपेनहेगन में हुई बैठक में ब्रॉयर के पक्ष में मतदान किया। वह अगले वर्ष गर्मियों में मौजूदा अध्यक्ष इतालवी एडमिरल ग्यूसेपे कावो ड्रैगोने का स्थान लेंगे।
ड्रैगोने ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर ब्रॉयर को बधाई देते हुए कहा कि गठबंधन की उनकी समझ, परिचालन अनुभव और जर्मन सशस्त्र बलों का नेतृत्व करने का अनुभव नाटो के लिए उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा चुनौतीपूर्ण यूरो-अटलांटिक सुरक्षा माहौल में सैन्य प्रमुखों ने ब्रॉयर पर भरोसा जताया है।
61 वर्षीय ब्रॉयर जर्मन सेना में लंबे समय से कार्यरत हैं। उन्हें वर्ष 2021-22 में तत्कालीन चांसलर ओलाफ शोल्त्स द्वारा कोविड-19 महामारी से निपटने के लिए गठित संकट समिति का नेतृत्व सौंपे जाने के बाद ‘चांसलर के जनरल’ के नाम से भी जाना गया।
ब्रॉयर ने 1984 में जर्मन सशस्त्र बलों की वायु रक्षा इकाई से सैन्य सेवा शुरू की थी। उन्होंने अमेरिका के फोर्ट लीवेनवर्थ स्थित जनरल स्टाफ कॉलेज और जर्मनी के हैम्बर्ग में जनरल स्टाफ प्रशिक्षण प्राप्त किया। वर्ष 2014 में उन्होंने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में नाटो के अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा सहायता बल के साथ भी सेवा की थी।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय