इंदौर पहुंचे राहुल गांधी, शाम को ‘छात्रों की गूंज’ में युवाओं से करेंगे संवाद

युगवार्ता    19-Sep-2026
Total Views |
इंदौर एयरपोर्ट पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने  स्वागत किया


इंदौर एयरपोर्ट पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया


इंदौर पहुंचे राहुल गांधी


‘RAGA’ लिखा चश्मा, हाथ में समर्थन के पोस्टर


इंदौर, 19 सितंबर (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए इंदौर पहुंच गए हैं। इंदौर एयरपोर्ट पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद राहुल गांधी रेडिसन हाेटल के लिए रवाना हाे गए।

एयरपोर्ट से होटल जाते समय उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जुटे। काफिले के रास्ते में कार्यकर्ताओं के पहुंचने पर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। सुरक्षा व्यवस्था के कारण कई स्थानीय कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात नहीं कर सके। राहुल गांधी शाम 5.30 बजे रीजनल पार्क के सामने आईडीए मैदान में विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर दोपहर 3.30 बजे से प्रवेश शुरू हाे गया है। बड़ी संख्या में युवा कार्यक्रम स्थल पर पहुंच रहे है। कांग्रेस के मुताबिक कार्यक्रम के लिए करीब दो लाख पंजीयन हुए हैं। कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर युवाओं के सवाल लिए जाएंगे।

‘RAGA’ लिखा चश्मा, हाथ में समर्थन के पोस्टर

कार्यक्रम स्थल पर युवाओं का अलग अंदाज भी देखने को मिला। कुछ युवा ‘RAGA’ लिखा चश्मा पहनकर पहुंचे। ग्वालियर से आई दिव्यांशी ‘आपसे प्यार है, इसलिए इंदौर आए हैं’ लिखा पोस्टर लेकर कार्यक्रम में पहुंचीं। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी को सुनने और कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वह ग्वालियर से इंदौर आई हैं। कार्यक्रम स्थल पर कुछ समर्थक राहुल गांधी के समर्थन में नारे लगाते नजर आए। ‘राहुल गांधी जिंदाबाद’ और ‘घर-घर गांधी, राहुल गांधी जिंदाबाद’ जैसे नारे लगाए गए। युवाओं के साथ कुछ बुजुर्ग भी कार्यक्रम में पहुंचे।

एमआर-10 से विजय नगर तक ट्रैफिक प्रभावित

राहुल गांधी के दौरे और कार्यक्रम के चलते एमआर-10 चौराहे से विजय नगर तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर वाहनों की कतारें लगीं और कई जगह ट्रैफिक की रफ्तार धीमी रही। इस दौरान एक एम्बुलेंस भी ट्रैफिक में फंसी दिखाई दी, हालांकि रास्ता मिलने के बाद वह आगे निकल गई।

पुलिस ने कार्यक्रम को देखते हुए शहर में ट्रैफिक डायवर्जन और भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध की व्यवस्था की है। मौके की स्थिति के अनुसार यातायात व्यवस्था में बदलाव किए जाने की बात पुलिस ने कही है।

50 हजार विद्यार्थियों के लिए लंगर

कार्यक्रम में आने वाले विद्यार्थियों के लिए सिख समाज की ओर से भोजन की व्यवस्था की गई है। आयोजकों के मुताबिक करीब 50 हजार विद्यार्थियों के लिए लंगर तैयार किया गया है। कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्था संभालने के लिए बड़ी संख्या में स्वयंसेवक तैनात हैं। कांग्रेस की ओर से वॉलंटियर्स को टी-शर्ट भी दी गई हैं।

मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता हितेश पटेल ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा, शिक्षा व्यवस्था और फीस बढ़ोतरी सहित युवाओं से जुड़े मुद्दों को सामने लाना है। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों की आवाज ‘सड़क से सदन तक’ पहुंचाने की बात कार्यक्रम में की जाएगी। मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री गजेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि रीजनल पार्क में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए बड़ी संख्या में रजिस्ट्रेशन हुए हैं। कार्यक्रम की अनुमति को लेकर प्रशासन ने पहले काफी मशक्कत कराई और बाद में दो बार शुल्क लिया गया।

उल्लेखनीय है कि ‘छात्रों की गूंज’ के तहत राहुल गांधी देश के अलग-अलग हिस्सों में विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद कर रहे हैं। इंदौर में यह कार्यक्रम पहली बार आयोजित हो रहा है। आयोजन में युवाओं के लिए संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी रखी गई हैं। गायक राघव चैतन्य, रैपर लशकरी और डांस ग्रुप विकास अनबिटेबल प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम में कांग्रेस के झंडे और चुनाव चिह्न का इस्तेमाल नहीं किए जाने की जानकारी दी गई है। मंच से राहुल गांधी का युवाओं से सीधा संवाद होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Tags