ट्रोलिंग पर कैटरीना के समर्थन में उतरीं खुशबू सुंदर

युगवार्ता    19-Sep-2026
Total Views |
कैटरीना, खुशबू सुंदर - फोटो सोर्स एक्स


अभिनेत्री और राजनीतिज्ञ खुशबू सुंदर ने अभिनेत्री कैटरीना कैफ के समर्थन में आवाज उठाई है। हाल ही में सार्वजनिक तौर पर नजर आने के बाद कैटरीना के शरीर में आए बदलावों को लेकर सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल किया गया था। बेटे के जन्म के बाद शरीर में आए बदलावों पर कैटरीना ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, लेकिन उनके प्रशंसकों और कई सितारों ने उनका समर्थन किया। अब खुशबू सुंदर ने महिलाओं के शरीर और उम्र को लेकर समाज की सोच पर सवाल उठाते हुए कैटरीना के समर्थन में एक लंबा नोट शेयर किया है।

खुशबू ने इंस्टाग्राम और एक्स पर लिखे अपने नोट में सवाल किया कि महिलाओं के शरीर में होने वाले बदलावों को हमेशा सार्वजनिक चर्चा का विषय क्यों बना दिया जाता है। उन्होंने समाज के दोहरे रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब पुरुषों के बाल सफेद होते हैं तो उन्हें 'साल्ट एंड पेपर हैंडसम' और परिपक्व बताया जाता है। पुरुषों के गंजेपन या बढ़ते वजन को भी अक्सर अनुभव और व्यक्तित्व से जोड़कर देखा जाता है। वहीं, महिलाओं की उम्र बढ़ने के साथ उनकी हर झुर्री, वजन और सफेद बाल को लेकर सवाल उठने लगते हैं।

खुशबू ने कहा कि महिलाओं को उनकी जवानी के दिनों के आधार पर आंकने की यह सोच बदलनी चाहिए। उन्होंने कैटरीना का समर्थन करते हुए कहा कि वह कल भी खूबसूरत थीं, आज भी हैं और हमेशा रहेंगी। खुशबू ने मातृत्व के बाद शरीर में होने वाले बदलावों को लेकर अपना अनुभव भी शेयर किया। उन्होंने कहा कि वजन बढ़ने पर लोगों ने उनका मजाक उड़ाया और उन्हें मोटापे से जोड़कर निशाना बनाया, जबकि वजन कम करने के बाद उन्हीं लोगों ने उन पर इंजेक्शन लेने के आरोप लगाए।

अपने संदेश में खुशबू ने कैटरीना से कहा कि उन्हें अपने शरीर, मातृत्व, वजन या लुक को लेकर किसी को सफाई देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उन पुरुषों के प्रति जवाबदेह होने की जरूरत नहीं है, जो उनके बारे में राय बनाने का अधिकार खुद को देते हैं। खुशबू ने कैटरीना को अपनी जिंदगी अपनी शर्तों, गरिमा और आत्मसम्मान के साथ जीते रहने की सलाह दी और कहा कि महिला के जीवन का कोई एक खास दौर नहीं होता, बल्कि उसकी पूरी जिंदगी खास होती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Tags