
नई दिल्ली, 19 सितंबर (हि.स.)। कार निर्माता कंपनी मारुति सुज़ुकी इंडिया लिमिटेड (एमएसआईएल) ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 में सीएनजी, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वाहनों को मिलाकर 10 लाख हरित वाहन बेचने का लक्ष्य रखा है।
एमएसआईएल ने शनिवार को एक बयान में कहा कि कंपनी को कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और सीएनजी वाहनों में स्वचालित ट्रांसमिशन की शुरुआत से इस लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलने की उम्मीद है। कंपनी ने शुक्रवार को अपने 'ऑटो ग्रीन मिशन' के तहत अपनी लोकप्रिय स्विफ्ट, डिजायर व बलेनो कारों के ऑटोमैटिक एस-सीएनजी वेरिएंट लॉन्च किए।
कंपनी के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी (विपणन एवं बिक्री) पार्थो बनर्जी ने बताया कि सीएनजी श्रेणी में करीब 70 फीसदी बाजार हिस्सेदारी रखने वाली एमएसआईएल को पहले चालू वित्त वर्ष में आठ से नौ लाख हरित वाहन बेचने की उम्मीद थी। हालांकि, नए स्वचालित ट्रांसमिशन वाले मॉडल पेश किए जाने के बाद कंपनी ने बिक्री का अनुमान बढ़ाकर 10 लाख इकाई के करीब कर दिया है।
बनर्जी ने कहा कि सीएनजी मॉडल पहले पेट्रोल-स्वचालित वाहनों से प्रतिस्पर्धा में पिछड़ जाते थे क्योंकि उनमें स्वचालित ट्रांसमिशन का विकल्प नहीं था। उन्होंने कहा कि हरित वाहन ऐसे पर्यावरण-अनुकूल वाहन हैं जो पारंपरिक पेट्रोल या डीजल की तुलना में बहुत कम या शून्य प्रदूषण फैलाते हैं।
बनर्जी ने कहा कि स्विफ्ट, डिजायर और बलेनो के नए स्वचालित एस-सीएनजी मॉडल ऐसे नई पीढ़ी के ग्राहकों को ध्यान में रखकर ही पेश किए गए हैं, जो समझौता नहीं करना चाहते। यह ग्राहक सीएनजी के कम परिचालन खर्च का लाभ चाहते हैं, लेकिन स्वचालित वाहन की सुविधा छोड़ना नहीं चाहते।
उन्होंने बताया कि मारुति सुजुकी सीएनजी श्रेणी में अपनी मजबूत स्थिति के आधार पर 10 लाख वाहनों की बिक्री के लक्ष्य की ओर बढ़ रही है। कंपनी फिलहाल हर महीने करीब 80 हजार सीएनजी वाहन बेच रही है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर