
देहरादून, 19 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) के तीसरे सीजन के भव्य उद्घाटन समारोह को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 21 सितंबर को देहरादून के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होने वाली ओपनिंग सेरेमनी में बॉलीवुड अभिनेत्री वाणी कपूर मुख्य आकर्षण होंगी। इसके साथ ही उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और संगीतमय धरोहर की झलक भी मंच पर देखने को मिलेगी।
इस रंगारंग कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों (गढ़वाल, कुमाऊं और जौनसार) के मशहूर लोक गायक अपनी प्रस्तुति देंगे। गढ़वाल से करिश्मा शाह व रुहान भारद्वाज, कुमाऊं से इंदर आर्य, जौनपुर से मंजू नौटियाल और जौनसार से अज्जू तोमर व अजय चौहान एक मंच पर आकर स्थानीय लोक संगीत का जादू बिखेरेंगे।
सबसे पहले महिला वर्ग के दो मुकाबले 21 सितंबर को खेले जाएंगे। सुबह 11 बजे पिथौरागढ़ हरिकेन्स का मुकाबला देहरादून वॉरियर्स से होगा, जिसके बाद दोपहर 3 बजे बागेश्वर एरियल और मसूरी क्वींस की टीमें आमने-सामने होंगी। इन दोनों मैचों के समापन के बाद शाम को ओपनिंग सेरेमनी आयोजित की जाएगी।
ओपनिंग सेरेमनी से पहले क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) की सचिव किरण वर्मा ने एक बयान में कहा कि उद्घाटन समारोह उत्तराखंड प्रीमियर लीग के एक और रोमांचक सीजन की शुरुआत का प्रतीक है। हम एक ही मंच पर क्रिकेट और उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक प्रतिभा को एक साथ लाकर बेहद खुश हैं।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष एवं सीएयू के पूर्व सचिव महीम वर्मा ने कहा कि ओपनिंग सेरेमनी क्रिकेट और उत्तराखंड की जीवंत सांस्कृतिक पहचान दोनों का जश्न मनाने का एक शानदार अवसर है। वर्षों से यूपीएल ने खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बेहतरीन मंच दिया है और यह सीजन एक और रोमांचक अध्याय साबित होगा।
यूपीएल के चेयरपर्सन सुनील जोशी ने कहा कि उत्तराखंड प्रीमियर लीग का यह तीसरा सीजन लीग और उत्तराखंड क्रिकेट के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। विभिन्न आयु समूहों और पृष्ठभूमि के खिलाड़ियों के एक साथ आने से, यह टूर्नामेंट स्थापित और उभरते दोनों तरह के क्रिकेटरों को गुणवत्तापूर्ण टी-20 माहौल में प्रतिस्पर्धा करने का अवसर देता है।
महिला वर्ग का समापन 24 सितंबर को फाइनल मैच के साथ होगा, जबकि पुरुष वर्ग की शुरुआत 22 सितंबर को शाम 7:30 बजे हरिद्वार एल्मास और नैनीताल टाइगर्स के मुकाबले से होगी। पुरुष वर्ग का एलिमिनेटर मैच 30 सितंबर को और फाइनल मुकाबला एक अक्टूबर को खेला जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह