ट्रंप के प्रतिबंध के बाद सीएनएन समेत तीन मीडिया संस्थानों के पत्रकारों को व्हाइट हाउस में नहीं मिली एंट्री

युगवार्ता    19-Sep-2026
Total Views |

वाशिंगटन, 19 सितंबर (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रतिबंध की घोषणा के बाद व्हाइट हाउस ने शनिवार को सीएनएन, एमएस नॉउ और पॉलिटिको के पत्रकारों को परिसर में प्रवेश नहीं दिया। तीनों मीडिया संस्थानों ने अलग-अलग बयान जारी कर कहा कि उनके पत्रकारों के प्रेस पास शनिवार सुबह व्हाइट हाउस पहुंचने पर ले लिए गए।

मीडिया संस्थानों ने संकेत दिया है कि वे इस फैसले को अमेरिकी संविधान के प्रथम संशोधन में प्रेस की स्वतंत्रता से जुड़े अधिकारों के आधार पर चुनौती दे सकते हैं।

सीएनएन ने अपने बयान में इस कार्रवाई को पत्रकारिता में सरकारी हस्तक्षेप बताते हुए इसे संविधान के तहत अपने अधिकारों पर ‘अवैध हमला’ करार दिया। एमएस नॉउ और पॉलिटिको ने भी कहा कि वे प्रथम संशोधन के तहत अपने अधिकारों की रक्षा करेंगे।

एमएस नॉउ ने कहा कि वह स्वतंत्र पत्रकारिता की भूमिका और अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए आवश्यक सभी कदम उठाएगा। सीएनएन और एमएस नॉउ ने स्पष्ट किया कि वे ट्रंप प्रशासन से जुड़ी अपनी रिपोर्टिंग जारी रखेंगे, जबकि पॉलिटिको ने व्हाइट हाउस को कवर कर रहे अपने पत्रकारों के समर्थन की बात कही।

ट्रंप ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर इन मीडिया संस्थानों पर ‘फेक न्यूज’ प्रकाशित करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि राष्ट्रपति को कवर करते समय मीडिया संस्थानों को कथित तौर पर ‘काल्पनिक और झूठी’ खबरें लगातार प्रकाशित नहीं करनी चाहिए। उन्होंने संकेत दिया था कि अन्य मीडिया संस्थानों के खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई हो सकती है।

उल्लेखनीय है कि ट्रंप के पहले कार्यकाल में भी व्हाइट हाउस ने प्लेबॉय के संवाददाता ब्रायन करेम और सीएनएन के पत्रकार जिम एकोस्टा की प्रेस मान्यता रद्द या निलंबित करने की कोशिश की थी। बाद में संघीय अदालतों ने दोनों के व्हाइट हाउस प्रेस पास बहाल करने के आदेश दिए थे।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags