ईरान में ईंधन तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 3.82 लाख लीटर तस्करी का तेल जब्त, 11 विदेशी नागरिक गिरफ्तार

युगवार्ता    02-Sep-2026
Total Views |

तेहरान, 02 सितंबर (हि.स.)। ईरानी सीमा रक्षकों ने उत्तरी खाड़ी में कार्रवाई करते हुए एक जहाज से करीब 3.82 लाख लीटर तस्करी का ईंधन बरामद किया है। इस दौरान जहाज पर सवार 11 विदेशी चालक दल के सदस्यों को भी गिरफ्तार किया गया। ईरान के सरकारी प्रसारक आईआरआईबी ने बुधवार को यह जानकारी दी। हालांकि, गिरफ्तार किए गए लोगों की राष्ट्रीयता के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।

रिपोर्ट के अनुसार, सीमा रक्षकों ने उत्तरी खाड़ी में संदिग्ध जहाज को रोककर उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान उसमें बड़ी मात्रा में अवैध रूप से ले जाया जा रहा ईंधन मिला। अधिकारियों ने ईंधन को जब्त करने के साथ चालक दल के 11 सदस्यों को हिरासत में ले लिया।

ईरान लंबे समय से बड़े पैमाने पर होने वाली ईंधन तस्करी पर लगाम लगाने की कोशिश कर रहा है। देश में सरकारी सब्सिडी के कारण पेट्रोल और अन्य ईंधन की कीमतें दुनिया के कई देशों की तुलना में बेहद कम हैं। इसके अलावा ईरानी मुद्रा के मूल्य में भारी गिरावट ने घरेलू और पड़ोसी देशों के बाजारों के बीच ईंधन की कीमतों में बड़ा अंतर पैदा कर दिया है।

इस कीमत के अंतर की वजह से ही ईंधन की तस्करी ईरान से पड़ोसी देशों में जमीन के रास्ते और खाड़ी देशों तक समुद्री मार्ग से किए जाने की बात सामने आती रही है। सरकार इस अवैध कारोबार को रोकने के लिए समुद्री और जमीनी सीमाओं पर निगरानी तथा कार्रवाई तेज कर रही है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags