निचले स्तर से रिकवरी के बावजूद गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को 2.77 लाख करोड़ की चपत

युगवार्ता    02-Sep-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 02 सितंबर (हि.स.)। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में तेजी आने के कारण दुनिया भर के शेयर बाजार में आज कोहराम मचा रहा। भारतीय शेयर बाजार भी आज शुरुआती कारोबार में ही कच्चे तेल की उबाल में झुलस गया। हालांकि बाद में खरीदारों ने लिवाली का जोर बना कर सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों को काफी सहारा भी दिया, जिसकी वजह से ये दोनों सूचकांक निचले स्तर से कुछ हद तक रिकवरी में सफल रहे। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.49 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी ने 0.59 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया। बाजार में आई कमजोरी के कारण आज बीएसई में लिस्टेड कंपनियों के मार्केट कैप में 2.77 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आ गई।

बीएसई का सेंसेक्स आज 472.96 अंक यानी 0.61 प्रतिशत टूट कर 76,471.32 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसके कारण थोड़ी देर में ही यह सूचकांक 808.56 अंक यानी 1.05 प्रतिशत लुढ़क कर 76,135.72 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद बाजार में खरीदारों में एक्टिव होकर लिवाली शुरू कर दी, जिससे सेंसेक्स की चाल में सुधार होने लगा। लिवाली के सपोर्ट से सुबह 10:30 बजे तक यह सूचकांक रिकवर कर 76,505.40 अंक के स्तर तक आ गया।

इसके बाद बाजार में एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की कमजोरी दोबारा बढ़ने लगी। हालांकि दोपहर 12 बजे के बाद खरीदारों ने एकबार फिर लिवाली का जोर बनाया। खासकर, शाम तीन बजे के बाद खरीदारों ने चौतरफा लिवाली शुरू कर दी, जिसके कारण सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 434.63 अंक की रिकवरी कर 373.93 अंक यानी 0.49 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,570.35 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 197.80 अंक यानी 0.82 प्रतिशत फिसल कर 23,858 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बनने के कारण यह सूचकांक थोड़ी देर में ही 269 अंक यानी 1.12 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,786.80 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी। खरीदारी के सपोर्ट से सुबह 10:30 बजे के करीब निफ्टी उछल कर 23,884.95 अंक तक पहुंचा। हालांकि बाजार में खरीदारी का ये सिलसिला अधिक देर तक जारी नहीं रह सका।

बाजार में एकबार फिर बिकवाली का दबाव बन गया, जिसके कारण निफ्टी की कमजोरी बढ़ने लगी। दिन का पहला सत्र खत्म होने तक बाजार में बिकवाली का दबाव बना रहा, लेकिन दोपहर 12 बजे के बाद खरीदार एक्टिव होकर लिवाली करने लगे। खासकर, आखिरी आधे घंटे के कारोबार में चौतरफा लिवाली शुरू हो जाने के कारण निफ्टी दिन के निचले स्तर से 127.65 अंक सुधर कर 141.35 अंक यानी 0.59 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,914.45 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान ऑटोमोबाइल, आईटी और कैपिटल गुड्स सेक्टर के शेयरों की जम कर बिकवाली होती रही। बिकवाली के दबाव में निफ्टी का ऑटोमोबाइल इंडेक्स 1.79 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी का आईटी इंडेक्स 1.25 प्रतिशत की गिरावट का शिकार हो गया। जबकि बीएसई के कैपिटल गुड्स इंडेक्स ने 1.08 प्रतिशत टूट कर आज के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा मीडिया, बैंकिंग, कंज्यूमर ड्युरेबल्स, एफएमसीजी और हेल्थकेयर इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए।

दूसरी ओर, एनर्जी, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, ऑयल एंड गैस और मेटल सेक्टर के शेयरों में आज खरीदारों का पलड़ा भारी रहा। वहीं ब्रॉडर मार्केट में आज बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.53 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.37 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में पौने तीन लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 486.65 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) रह गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 489.42 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 2.77 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,576 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,914 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,428 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 234 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। इसी तरह एनएसई में आज 3,221 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,214 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,007 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 10 शेयर बढ़त के साथ और 20 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 14 शेयर हरे निशान में और 36 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

आज दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से कोल इंडिया 4.05 प्रतिशत, अदानी पोर्ट्स 1.53 प्रतिशत, अदानी एंटरप्राइजेज 0.97 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 0.91 प्रतिशत और टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (टीएमपीवी) 0.89 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, आयशर मोटर्स 3.24 प्रतिशत, विप्रो 2.54 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 2.12 प्रतिशत, बजाज ऑटो 1.87 प्रतिशत और एशियन पेंट्स 1.86 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags