तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार की घोषणा, 4 खिलाड़ियों को मिलेगा सम्मान

युगवार्ता    02-Sep-2026
Total Views |

नई दिल्ली, 02 सितंबर (हि.स.)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने वर्ष 2024 के तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार के लिए चार विजेताओं के नामों की घोषणा कर दी है। ये पुरस्कार साहसिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लोगों को उनके अदम्य साहस, धैर्य, जोखिम उठाने की क्षमता और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में प्रभावी निर्णय लेने के लिए दिए जाते हैं।

सरकार ने पुरस्कार के लिए बालजीत कौर और स्कालजांग रिगजिन को लैंड एडवेंचर श्रेणी में चुना है। वहीं, रिमो साहा को वाटर एडवेंचर और शिव प्रसाद चमोली को लाइफटाइम अचीवमेंट श्रेणी में सम्मानित किया जाएगा।

इन सभी पुरस्कार विजेताओं को राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। यह समारोह राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 के साथ आयोजित किया जाएगा। पुरस्कार समारोह की तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी।

प्रत्येक विजेता को प्रतिमा, प्रमाणपत्र और 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। विजेताओं का चयन राष्ट्रीय चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर किया गया है। समिति ने प्राप्त नामांकनों की विस्तृत जांच और मूल्यांकन के बाद इन नामों की सिफारिश की थी।

मंत्रालय के अनुसार, ये पुरस्कार देश में साहसिक गतिविधियों में व्यापक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के साथ युवाओं में साहस, दृढ़ता और उत्कृष्टता की संस्कृति विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags