अंडर 19 टी —10 टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी यूपी और पूर्वांचल की टीमें, 29 सितंबर को रवाना होंगी

युगवार्ता    20-Sep-2026
Total Views |
टी —10 टेनिस बॉल क्रिकेट टीम के खिलाड़ी और अतिथि


-बीएचयू बिरला ग्राउंड पर खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, खेल भावना और एकजुटता के साथ खेलने का दिया संदेश

वाराणसी, 20 सितंबर (हि.स.)। टी —10 टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित होने वाली अंडर 19 टी —10 टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए उत्तर प्रदेश और पूर्वांचल की टीमें 29 सितंबर को जम्मू-कटरा के लिए रवाना होंगी। इस प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में प्रदेश और पूर्वांचल का प्रतिनिधित्व करने जा रहे खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए रविवार को वाराणसी के लंका क्षेत्र के रमना ग्राम प्रधान अमित कुमार पटेल, बीएचयू पुलिस चौकी इंचार्ज सौरभ तिवारी बीएचयू के बिरला ग्राउंड पहुंचे। इस दौरान दोनों ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि राष्ट्रीय स्तर के मंच पर खेलते समय जीत हासिल करना महत्वपूर्ण है, लेकिन इसके साथ अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना का पालन करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने खिलाड़ियों से मैदान पर एकजुट होकर पूरी मेहनत, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ खेलने का आह्वान किया। उत्तर प्रदेश की टीम में कप्तान कार्तिक गुप्ता के साथ विनायक जायसवाल, हर्षित विश्वकर्मा, सूरज यादव, उज्जवल, अंकित, रोहित, सिद्धार्थ, मिलित, ऋषभ, हिमांशु, रौनक और हर्ष शामिल हैं। वहीं, पूर्वांचल की टीम की कमान कृष्णा जायसवाल संभालेंगे। टीम में प्रथम जायसवाल, आर्यन चौबे, बादल, आयुष चौबे, प्रीतम, सौरभ, वैभव, अनवर, सार्थक, यश सिंह, मयंक और पृथ्वी शामिल हैं।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Tags