
नई दिल्ली, 21 सितंबर (हि.स.)।
केंद्रीय गृह मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह सोमवार को नई दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक यहां उन्होंने पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और संगठन की रणनीति को लेकर बैठक की। बैठक में खास तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को चिह्नित करने के लिए चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ और इससे जुड़े कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई।
भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू किया है। पार्टी के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य सेवा गतिविधियों और जनसंपर्क कार्यक्रमों के जरिए प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को रेखांकित करना है। मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में संवैधानिक पद संभाला था, जिसके 25 वर्ष 7 अक्टूबर 2026 को पूरे होंगे।
अभियान के तहत रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों तक पहुंच और युवाओं से जुड़े कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है। भाजपा ने इसे सेवा और जनभागीदारी से जोड़कर देशभर में आयोजित करने की बात कही है।
अभियान के प्रमुख कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मस्थान वडनगर और उनकी संसदीय कर्मभूमि वाराणसी को जोड़ने वाली बाइक यात्राएं भी शामिल हैं। दोनों दिशाओं से शुरू हुई इन यात्राओं को युवाओं की भागीदारी और जनसंपर्क से जोड़ा गया है। रिपोर्टों के मुताबिक, दोनों यात्राएं कई राज्यों और जिलों से गुजरने वाली हैं।
17 सितंबर को अभियान की शुरुआत के मौके पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने पार्टी मुख्यालय में रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया था। वहीं, देश के अलग-अलग हिस्सों में ‘आशीर्वाद का दीया’ समेत सेवा और जनसंपर्क से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सूत्रों के मुताबिक अमित शाह की भाजपा मुख्यालय में मौजूदगी को आगामी संगठनात्मक और जनसंपर्क कार्यक्रमों की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अगले चरण, प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर होने वाले कार्यक्रमों और पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर रणनीति पर चर्चा हुई।
इस अभियान के जरिए भाजपा ने सेवा गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और जनसंपर्क कार्यक्रमों को एक व्यापक राष्ट्रव्यापी अभियान के रूप में आगे बढ़ाने की योजना बनाई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय