लिक्विड डिजिटल इंडिया लिमिटेड का आईपीओ 23 सितंबर को खुलेगा, प्राइस बैंड 51-54 रुपये प्रति शेयर

युगवार्ता    21-Sep-2026
Total Views |
कंपनी के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 21 सितंबर (हि.स.)। डिजिटल मार्केटिंग समाधान प्रदाता कंपनी लिक्विड डिजिटल इंडिया लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 23 सितंबर को खुलेगा। इसमें निवेश करने के लिए निवेशक 25 सितंबर तक बोली लगा सकते हैं। इसके लिए मूल्य का दायरा (प्राइस बैंड) 51-54 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। इसके शेयरों की लिस्टिंग एनएसई और बीएसई दोनों पर होने की संभावना है।

लिक्विड डिजिटल इंडिया लिमिटेड के 39 करोड़ रुपये के इस आईपीओ में 34.14 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि प्रवर्तक अर्नब मित्रा 9.02 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) कर रहे हैं। कंपनी की योजना नए शेयरों से मिलने वाली धनराशि का इस्तेमाल विस्तार योजनाओं और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करने की है। कंपनी के अनुसार 05 रुपये अंकित मूल्य वाले इस इश्यू में निवेशक कम से कम 4000 इक्विटी शेयरों के लिए बोली लगा सकते हैं और उसके बाद 2000 इक्विटी शेयरों के मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि 2013 में बनी यह कंपनी एक क्रिएटिव-फर्स्ट एजेंसी के तौर पर काम करती है। यह एंड-टू-एंड मार्केटिंग सॉल्यूशन देती है। साथ ही इसकी सेवाओं में कंटेंट क्रिएशन और प्रोडक्शन, मीडिया बाइंग, कंटेंट मार्केटिंग और परफॉर्मेंस रिपोर्टिंग शामिल हैं। विज्ञापन लिफ्ट के अधिग्रहण के बाद एजेंसी ने अपनी क्षमताओं का विस्तार किया है। अब इसमें परफॉर्मेंस मॉनिटरिंग, एसईओ और एआई पर आधारित सामग्रीएशन जैसी सेवाएं शामिल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags