वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-पूजन के साथ खुला डूसू कार्यालय, नए अभाविप पदाधिकारियों ने संभाला कार्यभार

युगवार्ता    22-Sep-2026
Total Views |
डूसू के नवनिर्वाचित अध्यक्ष यश डबास के साथ अन्य लोग मौजूद।


नई दिल्ली, 22 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की जीत के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने मंगलवार को नॉर्थ कैंपस स्थित डूसू सचिवालय का औपचारिक उद्घाटन किया।

नए कार्यकाल का शुभारंभ भारतीय परंपरा और मूल्यों के अनुरूप वैदिक मंत्रोच्चार, विधि-विधान और हवन-पूजन के साथ किया गया।

इस अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों से आए छात्र-छात्राओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया, जिससे पूरा परिसर 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' के नारों से गूंज उठा।

छात्रसंघ प्रतिनिधियों ने कहा कि यह शुरुआत सांस्कृतिक जड़ों से जुड़कर रचनात्मक और सकारात्मक छात्र राजनीति की दिशा में एक नया कदम है।

अभाविप दिल्ली के प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि हवन-पूजन केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि 'ज्ञान, शील और एकता' के मूल मंत्र पर आधारित अभाविप की वैचारिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जहाँ कुछ ताकतें परिसर में नकारात्मकता और अराजकता फैलाने का प्रयास करती हैं, वहीं अभाविप का छात्र नेतृत्व भारतीय संस्कृति के मूल्यों के साथ सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

डूसू के नवनिर्वाचित अध्यक्ष यश डबास ने छात्रों के जनादेश को बड़ी जिम्मेदारी बताते हुए कहा, विश्वविद्यालय के छात्रों ने जो विश्वास हम पर जताया है, उसे हम पूरी निष्ठा से निभाएंगे। सत्य निकेतन सहित नॉर्थ और साउथ कैंपस में छात्राओं की सुरक्षा तथा परिसरों का 'सेफ्टी ऑडिट' हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन से त्वरित कदम उठाने की मांग की जाएगी। डूसू पूरी तरह से एक्शन मोड में है और सभी चुनावी वादों को धरातल पर उतारा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags