अफगानिस्तान पर पाकिस्तानी हवाई हमलों की भारत ने की कड़ी निंदा

युगवार्ता    22-Sep-2026
Total Views |
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल मंगलवार को मीडिया ब्रीफिंग में


नई दिल्ली, 22 सितंबर (हि.स.)। भारत ने अफगानिस्तान के कुनार और पक्तिका प्रांतों में पाकिस्तान की ओर से किए गए हवाई हमलों की मंगलवार को कड़ी निंदा की और कहा कि किसी संप्रभु पड़ोसी के खिलाफ ऐसी आक्रामकता क्षेत्रीय शांति एवं सुरक्षा के खिलाफ है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि इन हवाई हमलों में कई नागरिक मारे गए हैं। भारत इन बहुमूल्य जिंदगियों के नुकसान पर गहरी संवेदना व्यक्त करता है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता है।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की ओर से की गई यह कार्रवाई आक्रामकता का एक और उदाहरण है। जायसवाल ने कहा कि इस तरह के कदम क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा को प्रभावित करते हैं।

प्रवक्ता ने कहा कि भारत अफगानिस्तान की स्वतंत्रता, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के लिए अपना दृढ़ समर्थन दोहराता है। उन्होंने कहा कि भारत अफगानिस्तान के लोगों के कल्याण और हितों के प्रति भी प्रतिबद्ध है।

जायसवाल ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर के आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई संबंधी बयान पर भी कहा कि पाकिस्तान को अपने बयानों को विश्वसनीय बनाने के लिए सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ ठोस और विश्वसनीय कार्रवाई करनी होगी।

उन्होंने कहा कि दुनिया को यह विश्वास दिलाने के लिए कि पाकिस्तान जो कह रहा है, वह वास्तव में करना चाहता है, उसे सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ ‘विश्वसनीय कार्रवाई और दृढ़ प्रतिबद्धता’ दिखानी होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags