पाकिस्तान के फील्ड मार्शल मुनीर ने खैबर पख्तूनख्वा की सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया

युगवार्ता    22-Sep-2026
Total Views |
पाकिस्तान के चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज और चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर आज कोर मुख्यालय पेशावर पहुंचे। फोटो - द न्यूज


इस्लामाबाद, 22 सितंबर (हि.स.)। पाकिस्तान के चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज (सीडीएफ) और चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (सीओएएस) फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर ने मंगलवार को कोर मुख्यालय पेशावर का दौरा किया। उन्होंने सैन्य अधिकारियों से खैबर पख्तूनख्वा (केपी) में सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया।

द न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार सेना के मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने बताया कि अधिकारियों ने उन्हें केपी की मौजूदा सुरक्षा स्थिति, वहां चल रहे आतंकवाद-विरोधी अभियानों, सीमा प्रबंधन उपायों और प्रांत में तैनात टुकड़ियों की ऑपरेशनल तैयारियों के बारे में जानकारी दी। मुनीर ने अधिकारियों और जवानों के उच्च मनोबल, तत्परता और व्यावसायिकता की सराहना की।

उन्होंने सैन्य टुकड़ियों को सतर्क रहने और ऑपरेशनल तैयारियों के उच्चतम मानकों को बनाए रखने का निर्देश दिया। सेना प्रमुख ने जोर दिया कि सशस्त्र बल, देश के अटूट समर्थन के साथ, आतंकवाद को हराने और देश भर में स्थायी शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के अपने संकल्प पर अडिग हैं। फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर ने यादगार-ए-शुहदा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने दोहराया कि सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान को कभी नहीं भुलाया जाएगा। उनका यह दौरा कोहाट की पुरानी पुलिस लाइंस पर हुए जानलेवा हमले के कुछ दिनों बाद हुआ। इस हमले में 16 पुलिस अधिकारियों और छह आम नागरिकों समेत 22 लोगों की मौत हो गई थी और 103 लोग घायल हो गए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Tags