
काठमांडू, 22 सितंबर (हि.स.)। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने मंगलवार सुबह मलेशिया के अपने समकक्ष अनवर इब्राहिम के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। वार्ता में नेपाल और मलेशिया के बीच वैदेशिक रोजगार को सम्मानजनक, पारदर्शी और शोषणमुक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रधानमंत्री शाह ने मलेशिया के रोजगार क्षेत्र में मौजूद सिंडिकेट और बिचौलिया व्यवस्था को लेकर अपनी और अपनी सरकार की असहमति स्पष्ट रूप से मलेशियाई प्रधानमंत्री के सामने रखी। उन्होंने कहा कि ऐसी अव्यावहारिक और अन्यायपूर्ण प्रवृत्तियां स्वीकार्य नहीं हैं और इनके स्थायी समाधान के लिए दोनों देशों को संयुक्त पहल करनी चाहिए। प्रधानमंत्री शाह ने कहा कि हमें सिंडिकेट और बिचौलिया तंत्र पसंद नहीं है और यह किसी भी हालत में स्वीकार्य नहीं है। इससे श्रमिक प्रभावित हुए हैं।
उन्होंने मलेशियाई प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि वे अपने श्रम मंत्री को नेपाल के श्रम मंत्री के साथ सीधे बातचीत करने और इस समस्या को स्थायी रूप से समाप्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दें। प्रधानमंत्री शाह के इस रुख को सकारात्मक रूप से लेते हुए मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने भी कहा कि वह सिंडिकेट और बिचौलिया व्यवस्था के खिलाफ हैं। उन्होंने इस मामले में अपने श्रम मंत्री को तत्काल नेपाल के श्रम मंत्री के साथ समन्वय कर आगे बढ़ने का निर्देश देने की प्रतिबद्धता जताई।
इब्राहिम ने कहा, “मैं भी ऐसी गलत और शोषणकारी व्यवस्था के पूरी तरह खिलाफ हूं। मैं तुरंत अपने श्रम मंत्री को इस विषय पर नेपाली समकक्ष के साथ बातचीत कर ठोस समाधान निकालने का निर्देश दूंगा।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास