ट्रंप ने यूएन महासभा में गिनाईं अमेरिकी उपलब्धियां, ईरान को चेताया और यूक्रेन युद्ध खत्म करने की बात कही

युगवार्ता    22-Sep-2026
Total Views |
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपना संबोधन देते हुए...


न्यूयॉर्क, 22 सितंबर (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने संबोधन की शुरुआत अमेरिकी घरेलू उपलब्धियों को गिनाते हुए की और बाद में ईरान, यूक्रेन, वेनेजुएला, क्यूबा, ग्रीनलैंड, नाटो और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसे मुद्दों पर अपनी सरकार का रुख रखा।

ट्रंप ने आव्रजन नीति का उल्लेख करते हुए अमेरिका की दक्षिणी सीमा को पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित बनाने का दावा किया। उन्होंने कर कटौती, शेयर बाजार और अपराध से जुड़े आंकड़ों को भी अपनी सरकार के रिकॉर्ड के हिस्से के तौर पर पेश किया।

ईरान पर ट्रंप ने इस साल शुरू किए गए अमेरिकी सैन्य अभियान का बचाव किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने के लिए कार्रवाई की। ट्रंप ने तेहरान को समझौते का विकल्प देते हुए चेतावनी दी कि ऐसा नहीं होने पर अमेरिका कड़ी सैन्य कार्रवाई कर सकता है।

यूक्रेन युद्ध पर उन्होंने कहा कि वह रूस और यूक्रेन के नेताओं के साथ मिलकर संघर्ष खत्म कराने के प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब “हत्या रोकने का समय” है और जरूरत पड़ने पर रूस पर नए प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।

लैटिन अमेरिका के संदर्भ में ट्रंप ने वेनेजुएला में अमेरिकी कार्रवाई और कैरेबियन तथा प्रशांत क्षेत्र में संदिग्ध मादक पदार्थ तस्करी करने वाली नौकाओं के खिलाफ अमेरिकी हमलों का बचाव किया। क्यूबा को लेकर उन्होंने वहां “बुनियादी बदलाव” लाने की अपनी सरकार की नीति दोहराई।

ग्रीनलैंड पर ट्रंप ने डेनमार्क के साथ एक नए समझौते का उल्लेख किया और कहा कि इसके तहत अमेरिका वहां अपनी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करेगा तथा दो बड़े सैन्य अड्डे बनाएगा।

एआई के मुद्दे पर ट्रंप ने नियमन को लेकर वैश्विक प्रयासों का विरोध किया और इसे “सुपर इंटेलिजेंस” कहने की वकालत की। उन्होंने कहा कि अमेरिका एआई के क्षेत्र में चीन से आगे है और इस बढ़त को बनाए रखना चाहता है।

संबोधन के आखिर में ट्रंप ने दुनिया के नेताओं से भय और संदेह के बजाय निर्णायक कदम उठाने का आह्वान किया और कहा कि उनका लक्ष्य दुनिया को अधिक सुरक्षित और बेहतर बनाना है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags