एशियाई खेल: 11 हजार अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनीं स्मृति मंधाना

युगवार्ता    22-Sep-2026
Total Views |
शॉट खेलतीं स्मृति मंधाना


आइची-नगोया, 22 सितंबर (हि.स.)। भारतीय सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। श्रीलंका के खिलाफ एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक मुकाबले में 79 रन की शानदार पारी के दौरान मंधाना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 11,000 रन पूरे करने वाली पहली महिला क्रिकेटर बन गईं।

मंधाना ने 45 गेंदों पर पांच चौकों और सात छक्कों की मदद से 79 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 175.56 रहा। उन्होंने शेफाली वर्मा के साथ मिलकर भारत को तेज शुरुआत दिलाई और दोनों ने पहले विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी की। शेफाली ने 29 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 48 रन बनाए।

मंधाना महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं। उन्होंने 179 मैचों की 172 पारियों में 31.00 की औसत और 127.47 के स्ट्राइक रेट से 4,867 रन बनाए हैं। उनके नाम दो शतक और 37 अर्धशतक हैं तथा उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 124 रन है।

महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मंधाना 5,411 रन के साथ छठे स्थान पर हैं। उन्होंने 120 मैचों में 47.88 की औसत से ये रन बनाए हैं, जिसमें 14 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 136 रन है।

मंधाना ने नौ टेस्ट मैचों में 52.53 की औसत से 788 रन बनाए हैं। इस प्रारूप में उनके नाम दो शतक और पांच अर्धशतक हैं तथा उनका सर्वोच्च स्कोर 149 रन है।

कुल मिलाकर मंधाना ने 308 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 11,066 रन बनाए हैं, जिसमें 18 शतक शामिल हैं। वह महिला क्रिकेट के इतिहास में सबसे अधिक रन और सबसे ज्यादा शतक बनाने वाली बल्लेबाज भी हैं।

मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। मंधाना और शेफाली की 99 रन की साझेदारी के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर 17 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 19 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद ऋचा घोष ने 22 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 49 रन की तेज पारी खेलकर भारत को 20 ओवर में तीन विकेट पर 216 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags