हिरासत में लिए गए जूराला परियोजना जा रहे तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष

युगवार्ता    22-Sep-2026
Total Views |
तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष जडचेरला में हिरासत में लिए गए


हैदराबाद, 22 सितंबर (हि.स.)। तेलंगाना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव को मंगलवार को महबूबनगर जिले के जडचेरला में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वह सिंचाई का पानी रोके जाने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे किसानों से मिलने प्रियदर्शिनी जूराला परियोजना जा रहे थे।

पालमुरु क्षेत्र के जोगुलाम्बा गडवाल, वनपर्थी और महबूबनगर जिलों के किसान पिछले करीब तीन दिनों से जूराला परियोजना पर प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों की मांग है कि सिंचाई के लिए नहरों में पानी छोड़ा जाए। उनका कहना है कि सिंचाई के लिए आवश्यक पानी उपलब्ध कराने से पेयजल आपूर्ति पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा।

परियोजना की कुल जल भंडारण क्षमता 8.81 टीएमसी है, जबकि वर्तमान में करीब 5.1 टीएमसी उपयोगी जल भंडारण उपलब्ध बताया गया है। दूसरी ओर, अधिकारियों ने किसानों से कम पानी की खपत वाली फसलों की खेती करने का आग्रह किया है।

19 सितंबर को कुछ किसानों ने कथित तौर पर हेड रेगुलेटर खोलकर बायीं नहर में पानी छोड़ दिया था। सूचना मिलने पर सिंचाई विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पानी का बहाव रोक दिया।

इसके बाद सोमवार को स्थिति तनावपूर्ण हो गई। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के धरना स्थल पर प्रदर्शन के आह्वान के बाद पुलिस ने परियोजना क्षेत्र को पूरी तरह सील कर दिया और बीआरएस नेताओं तथा किसानों को वहां पहुंचने से रोक दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस घेराबंदी तोड़ने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस और किसानों के बीच झड़प हुई।

पुलिस ने पूर्व विधायक चित्तम राममोहन रेड्डी समेत कई लोगों को हिरासत में लिया। वहीं, बीआरएस के वरिष्ठ नेताओं पूर्व मंत्री सिंगीरेड्डी निरंजन रेड्डी और सी. लक्ष्मी रेड्डी समेत कई नेताओं को प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने के लिए अविभाजित महबूबनगर जिले में नजरबंद किया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र राव के हिरासत में लिए जाने के बाद जूराला परियोजना के आसपास राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Tags