फिच ने वित्त वर्ष 2026-27 की जीडीपी वृद्धि का अनुमान बढ़ाकर 6.9 फीसदी किया

युगवार्ता    23-Sep-2026
Total Views |
जीडीपी के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 23 सितंबर (हि.स.)। मूडीज के बाद रेटिंग एजेंसी फिच रेटिंग्स ने भी बुधवार को चालू वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि दर के अनुमान को 6.4 फीसदी से बढ़ाकर 6.9 फीसदी कर दिया है। रेटिंग एजेंसी ने (अप्रैल-जून) पहली तिमाही में मजबूत आर्थिक वृद्धि दर के साथ र्थव्यवस्था की समग्र मजबूती का हवाला दिया है।

फिच ने कहा कि चालू वित्त वर्ष 2026-27 में कुल जीडीपी वृद्धि 6.9 फीसदी रहेगी, जो जून में लगाए गए उसके 6.4 फीसदी के अनुमान से अधिक है। फिच ने कहा कि अप्रैल-जून तिमाही में 7.8 फीसदी की वृद्धि दर यह दर्शाती है कि 2026 की पहली छमाही में व्यापार शर्तों में आई बड़ी गिरावट के बावजूद अमेरिकी-ईरान युद्ध से लगे झटके के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था ने मजबूती दिखाई है।

रेटिंग एजेंसी फिच ने कहा कि निजी निवेश की संभावनाएं अधिक मजबूत दिख रही हैं और हमें उम्मीद है कि निवेश में 10 फीसदी से अधिक की वृद्धि होगी। गैर-खाद्य ऋण की वृद्धि दर जुलाई में सालाना आधार पर 19 फीसदी रही। फिच के अनुसार शेष वित्त वर्ष में भारत की आर्थिक वृद्धि की गति धीमी पड़ने की संभावना है।

फिच ने कहा कि मजबूत मांग, कीमतों में वृद्धि और प्रतिकूल आपूर्ति संबंधी घटनाक्रमों को देखते हुए हमारा अनुमान है कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) अक्टूबर की मौद्रिक नीति समीति की समीक्षा बैठक में रेपो रेट में 0.25 फीसदी तक बढ़ोतरी कर इसे 5.5 फीसदी कर देगा। देश की अर्थव्यवस्था पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में 7.8 फीसदी की दर से बढ़ी थी, जबकि वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में 7.8 फीसदी की वृद्धि दर से बढ़ा है। पिछले हफ्ते मूडीज रेटिंग्स ने भी भारत की आर्थिक वृद्धि दर अनुमान को छह फीसदी से बढ़ाकर सात फीसदी कर दिया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags