नेपाल में रह रहे 88 चीनी नागरिकों का वीजा रद्द, डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू

युगवार्ता    23-Sep-2026
Total Views |
नेपाल का अध्यागमन विभाग


काठमांडू, 23 सितंबर (हि.स.)। नेपाल के अध्यागमन विभाग ने एक साथ 88 चीनी नागरिकों का वीजा रद्द कर दिया है। ये नागरिक व्यावसायिक वीजा लेकर नेपाल में रह रहे थे, लेकिन वीजा के उद्देश्य के विपरीत गतिविधियों में संलिप्त पाए गए। अब उनके खिलाफ वीजा रद्द करने के साथ डिपोर्टेशन (स्वदेश वापसी) की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

अध्यागमन विभाग के निदेशक टीकाराम ढकाल ने बताया कि ये सभी चीनी नागरिक सिंधुली जिले के छेन्दु टियान फुड लिमिटेड की आर्थिक साझेदारी में निर्माणाधीन जियान फुड्स प्राइवेट लिमिटेड (नेपाल हिट प्रोसेस्ड बफेलो मीट एक्सपोर्ट टू चाइना प्रोजेक्ट) में काम कर रहे थे। सभी 88 नागरिकों ने अन्य कंपनियों के नाम पर व्यावसायिक वीजा लिया था और वीजा की शर्तों एवं उद्देश्य के विपरीत कार्य करते पाए गए। उनका वीजा रद्द करके अध्यागमन अधिनियम, 2049 के तहत जुर्माना लगाने और निष्कासन की प्रक्रिया शुरू की गई है।

अध्यागमन विभाग ने विदेशी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वीजा के उद्देश्य और निर्धारित शर्तों के अनुसार ही नेपाल में गतिविधियां करें। साथ ही संबंधित उद्योगों, कंपनियों, प्रतिष्ठानों और नियोक्ताओं को भी उचित वीजा तथा आवश्यक अनुमति के बिना विदेशी नागरिकों को रोजगार में शामिल नहीं करने की चेतावनी दी गई है। विभाग ने कहा है कि यदि कोई विदेशी नागरिक अध्यागमन कानून या अन्य प्रचलित कानूनों के विपरीत गतिविधियों में शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नेपाल में व्यापार या औद्योगिक कारोबार में निवेश करने के लिए अनुमति प्राप्त विदेशी नागरिकों अथवा ऐसी संस्थाओं के आधिकारिक प्रतिनिधियों को संबंधित निकाय की सिफारिश के आधार पर व्यावसायिक वीजा जारी किया जाता है। नेपाल में उत्पादित वस्तुओं की खरीद कर उनका निर्यात करने वाले विदेशी नागरिकों के लिए भी व्यावसायिक वीजा जारी करने का प्रावधान है।

अध्यागमन नियमावली के अनुसार व्यावसायिक वीजा प्राप्त करने वाले विदेशी नागरिक को उसी उद्देश्य के लिए नेपाल में रहना होता है, जिसके लिए वीजा जारी किया गया है। व्यावसायिक वीजा का इस्तेमाल रोजगार, श्रम या अन्य असंबंधित गतिविधियों के लिए नहीं किया जा सकता। विभाग ने बताया कि निगरानी के दौरान कुछ विदेशी नागरिक ऐसे काम में संलिप्त पाए गए, जो उनके वीजा की सिफारिश और स्वीकृति से जुड़े कारोबार या निवेश के उद्देश्य से अलग प्रकृति का था। इनमें रोजगार, श्रम तथा अन्य असंबंधित गतिविधियां शामिल थीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags