दिनकर की जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी ने दी श्रद्धांजलि, कहा- उनकी रचनाएं युगों तक करेंगी मार्गदर्शन

युगवार्ता    23-Sep-2026
Total Views |
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी


नई दिल्ली, 23 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि जनचेतना और राष्ट्रीय गौरव की भावनाओं से ओतप्रोत दिनकर की ओजस्वी कविताएं आज भी देशवासियों के हृदय में शौर्य, तेज और आत्मगौरव का संचार करती हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि राष्ट्रकवि दिनकर की रचनाएं साहित्य को समृद्ध करने के साथ-साथ देशवासियों में मातृभूमि के प्रति भक्ति और राष्ट्रभाव की भावना भी जागृत करती हैं। उनका विराट व्यक्तित्व और कालजयी साहित्य आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करता रहेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा, “राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर जी की जयंती पर उन्हें मेरा शत-शत नमन। जनचेतना और राष्ट्रीय गौरव के भावों से भरपूर उनकी ओजस्वी कविताएं आज भी देशवासियों के दिलों में शौर्य, तेज और आत्मगौरव का संचार करती हैं।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि दिनकर की रचनाएं साहित्य को समृद्ध करने के साथ लोगों को भी प्रेरित करती हैं। उनका विराट व्यक्तित्व और कालजयी रचनाएं युगों-युगों तक भारतवासियों का मार्गदर्शन करती रहेंगी।

उल्लेखनीय है कि रामधारी सिंह दिनकर हिन्दी साहित्य के प्रमुख कवियों में गिने जाते हैं। उनकी रचनाओं में राष्ट्रभाव, जनचेतना, वीरता और सामाजिक सरोकारों की प्रभावी अभिव्यक्ति देखने को मिलती है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Tags