एनएसई के शेयर की लिस्टिंग एक ऐतिहासिक मील का पत्थर: आशीष चौहान

युगवार्ता    24-Sep-2026
Total Views |
एनएसई के शेयर की लिस्टिंग के अवसर पर सीईओ आशीष कुमार चौहान


मुंबई, 24 सितंबर (हि.स.)। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के प्रबंध निदेशक (एमडी) एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) आशीष कुमार चौहान ने गुरुवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में एनएसई के शेयर लिस्टिंग के अवसर पर कहा कि आज का दिन एनएसई के सफर में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है।

चौहान ने यहां पत्रकार वार्ता में कहा कि एनएसई जैसी संस्थाएं जिंदगी में एक बार ही बनती हैं और इस स्टॉक एक्सचेंज ने देश के कैपिटल मार्केट को बदलने और भरोसे पर आधारित एक इकोसिस्टम बनाने में अहम भूमिका निभाई है। एनएसई भारत के भविष्य की उम्मीदों का प्रतिनिधित्व करता है और जो भारत के लिए अच्छा है, वह एनएसई के लिए भी अच्छा है।

चौहान ने कहा, मैं सेबी, भारत सरकार, अपने निवेशकों और उन सभी स्टेकहोल्डर्स का शुक्रिया अदा करता हूं, जिन्होंने इस सफर में भी हमारा साथ दिया है। जैसे ही हम इस नए अध्याय में कदम रख रहे हैं, हम भारत के कैपिटल मार्केट को मजबूत करने और भारत की विकास यात्रा में भी योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

एनएसई के शेयरों की बीएसई पर लिस्टिंग करीब एक फीसदी बढ़त के साथ हुई है। बीएसई पर इसका शेयर 1800 रुपये पर खुला, जो अपने निर्गम मूल्य से 0.84 फीसदी अधिक है। कारोबार के दौरान यह 3.36 फीसदी बढ़कर 1,845 रुपये पर पहुंच गया। एनएसई का बाजार मूल्यांकन 4,55,400 करोड़ रुपये रहा।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 1992 में बनी यह कंपनी कैश मार्केट में कुल टर्नओवर और इक्विटी डेरिवेटिव्स में कुल टर्नओवर के मामले में देश का सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज भी है। यह स्थिति वित्त वर्ष 2001 से 2026 और 30 जून 2026 को खत्म होने वाली तीन महीने की अवधि के लिए रही है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags