
काठमांडू, 24 सितंबर (हि.स.)। नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय विमानस्थल से 600 ग्राम से अधिक सोने के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक भारतीय और एक नेपाली नागरिक शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपित कतर के दोहा से काठमांडू पहुंचे थे। भारत के 42 वर्षीय मोहम्मद चेरा थोडी को एयरपोर्ट के पार्किंग क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 536 ग्राम सोना बरामद हुआ। इसी तरह, कतर से आए बारा जिले के पचरौता पिपरपाटी निवासी 33 वर्षीय अनिश अंसारी को भी गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 69.6 ग्राम सोना बरामद हुआ।
विमानस्थल सुरक्षा पुलिस कार्यालय के अनुसार दोनों को बरामद सोने के साथ आगे की जांच के लिए गौशाला पुलिस वृत्त भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास