शिव कपूर की बढ़त कायम, दिल्ली और गोवा टीमें आईजीपीएल में संयुक्त शीर्ष पर

युगवार्ता    24-Sep-2026
Total Views |
अनुभवी गोल्फर शिव कपूर ने एएम ग्रीन आईजीपीएल इनविटेशनल के दूसरे दौर में 3-अंडर 69 का कार्ड खेलकर अपनी बढ़त कायम रखी


रास अल खैमाह (यूएई), 24 सितंबर (हि.स.)। अनुभवी गोल्फर शिव कपूर ने एएम ग्रीन आईजीपीएल इनविटेशनल के दूसरे दौर में 3-अंडर 69 का कार्ड खेलकर अपनी बढ़त कायम रखी। 10-अंडर के शानदार पहले दौर के बाद कपूर का कुल स्कोर 13-अंडर हो गया है और वह दूसरे स्थान पर मौजूद वरुण चोपड़ा से तीन शॉट आगे हैं।

कपूर के प्रदर्शन से उनकी टीम आरवीआर दिल्ली ब्लू बुल्स को भी फायदा मिला। दो दौर के बाद दिल्ली ब्लू बुल्स और ऑरो गोवा ईगल्स दोनों 17-अंडर के स्कोर के साथ टीम तालिका में संयुक्त शीर्ष पर हैं।

गोवा ईगल्स के लिए वरुण चोपड़ा ने लगातार दूसरे दौर में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 4-अंडर 68 का कार्ड खेला और उनका कुल स्कोर 10-अंडर हो गया। वह व्यक्तिगत तालिका में अकेले दूसरे स्थान पर हैं।

कपूर ने दूसरे दौर की शुरुआत दूसरे और तीसरे होल पर बर्डी के साथ की और सातवें होल पर एक और बर्डी लगाकर 3-अंडर तक पहुंच गए। नौवें होल पर उन्होंने सप्ताह का अपना पहला शॉट गंवाया। इसके बाद उन्होंने 13वें, 14वें और 18वें होल पर बर्डी हासिल की, जबकि 12वें और 16वें होल पर बोगी की।

कपूर ने कहा कि उन्होंने पहले दौर के 10-अंडर स्कोर के बारे में ज्यादा सोचने के बजाय मौजूदा दौर पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने कहा कि अभी एक और राउंड बाकी है और इस कोर्स पर कम स्कोर बन सकते हैं, इसलिए अच्छी शुरुआत करने वाले युवा खिलाड़ी चुनौती पेश कर सकते हैं।

वीर गणपति ने भी 5-अंडर के कुल स्कोर के साथ अपनी स्थिति मजबूत की। वह गगनजीत भुल्लर और वरुण पारिख के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर हैं। तीनों का स्कोर 5-अंडर है।

सचिन बैसोया 4-अंडर के साथ अकेले छठे स्थान पर हैं। त्रिशूल चिनप्पा, कनव चौहान और शौर्य बीनू 3-अंडर के साथ संयुक्त सातवें स्थान पर हैं। आर्यन रूपा आनंद, तुषार पन्नू और पदार्पण कर रहे रवि कुमार 2-अंडर के साथ संयुक्त 10वें स्थान पर हैं।

टीम तालिका में दिल्ली और गोवा बराबर

टीम स्पर्धा में आरवीआर दिल्ली ब्लू बुल्स और ऑरो गोवा ईगल्स 17-अंडर के साथ संयुक्त शीर्ष पर हैं। दिल्ली के लिए कपूर के 13-अंडर प्रदर्शन का सबसे बड़ा योगदान रहा। टीम में आर्यन रूपा आनंद, चिराग कुमार और गौरव घई भी शामिल हैं। जबकि गोवा ईगल्स के लिए वरुण चोपड़ा 10-अंडर के साथ प्रमुख स्कोरर हैं। उनके साथ कनव चौहान, सार्थक चिब्बर और आईएल आलाप टीम का हिस्सा हैं।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags