एशियाई खेल: चोट के कारण राउंड ऑफ-16 में मुक्केबाज सुमित कुंडू का अभियान समाप्त

युगवार्ता    24-Sep-2026
Total Views |
सुमित कुंडू


आइची-नगोया, 24 सितंबर (हि.स.)। भारतीय मुक्केबाज सुमित कुंडू का एशियाई खेल 2026 में पुरुषों के 70 किग्रा वर्ग का अभियान चोट के कारण समाप्त हो गया। इराक के अली अल-सराय के खिलाफ राउंड ऑफ-16 मुकाबले में सुमित ने शुरुआती दो राउंड में बढ़त बनाई, लेकिन तीसरे राउंड की शुरुआत में घुटने में चोट लगने के बाद उन्हें रेफरी स्टॉप्स कॉन्टेस्ट के जरिए मुकाबला गंवाना पड़ा।

सुमित ने मुकाबले की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की और अपनी लंबाई तथा शारीरिक मजबूती का फायदा उठाते हुए कई प्रभावी पंच लगाए। उन्होंने पहला राउंड अपने नाम किया। दूसरे राउंड में भी सुमित ने 3-2 से बढ़त हासिल कर ली।

हालांकि, तीसरे राउंड की शुरुआत में फिसलने के बाद सुमित लंगड़ाते नजर आए। घुटने की चोट के कारण वह मुकाबला जारी रखने की स्थिति में नहीं थे और रेफरी ने मुकाबला रोक दिया।

इससे पहले सुमित ने सोमवार को प्रारंभिक मुकाबले में थाईलैंड के बुनजोंग सिंसिरी को सर्वसम्मत निर्णय से 5-0 से हराकर राउंड ऑफ-16 में जगह बनाई थी। उस मुकाबले में सुमित ने शुरुआत में विपक्षी के आक्रामक तेवरों का सामना करने के बाद धीरे-धीरे लय हासिल की और प्रभावी पंचों के दम पर तीनों राउंड में अपना दबदबा बनाया।

सुमित ने पहले राउंड में 4-1 से बढ़त बनाई, जबकि दूसरे राउंड में भी उनके सटीक पंचों ने उन्हें बढ़त दिलाई। तीसरे राउंड में उन्होंने संयमित खेल दिखाते हुए अनावश्यक टकराव से बचते हुए मुकाबले पर नियंत्रण बनाए रखा। सभी पांचों जजों ने तीसरा राउंड सुमित के पक्ष में दिया और उन्होंने 5-0 से मुकाबला अपने नाम किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags