
आइची-नगोया, 24 सितंबर (हि.स.)। भारत की स्टार तलवारबाज भवानी देवी और श्रेया गुप्ता को 2026 एशियाई खेलों के फेन्सिंग (तलवारबाजी) में महिला व्यक्तिगत साबरे स्पर्धा के प्री-क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही दोनों का अभियान समाप्त हो गया।
ओलंपियन भवानी देवी ने पूल चरण में दक्षिण कोरिया की जियोंगमी किम से 1-5, ईरान की नजमेह साजानजियान से 4-5 और उज्बेकिस्तान की जायनब दायिबेकोवा से 4-5 से हार झेली। इसके बाद उन्होंने कजाखस्तान की ऐगेरिम सारीबे और थाईलैंड की अरिसारा सोमफाओ को क्रमश: 5-4 और 5-2 से हराकर नॉकआउट चरण में जगह बनाई।
राउंड ऑफ 32 में भवानी ने मंगोलिया की ओउलेन तुग्सजार्गल को 15-8 से हराया। हालांकि, प्री-क्वार्टर फाइनल में उन्हें 2026 विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता चीन की राओ शुई से 5-15 से हार का सामना करना पड़ा।
वहीं, भारत की दूसरी खिलाड़ी श्रेया गुप्ता भी प्री-क्वार्टर फाइनल में आगे नहीं बढ़ सकीं। उन्हें पेरिस ओलंपिक 2024 की रजत पदक विजेता दक्षिण कोरिया की जियोन हा-यंग ने 15-6 से हराया।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे