



- 14 इन्च के टायर और 100 एमएम के सस्पेंशन के साथ सभी नेक्स्ट जेन फंक्शन से लैस
नई दिल्ली, 25 सितंबर (हि.स.)। इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन निर्माता एथर एनर्जी ने शुक्रवार को यहां में अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर कोनार्क लॉन्च किया। इसकी शुरुआती कीमत 79,999 रुपये (एक्स-शोरूम, नई दिल्ली, सब्सिडी सहित) रखी गई है। कोनार्क के चुनिंदा वेरिएंट की डिलीवरी चरणबद्ध तरीके से शुरू होगी।
कंपनी ने कोनार्क को एस और जेड प्रोडक्ट लाइन के तहत छह वेरिएंट में पेश किया गया है। इनमें 200 किलोमीटर तक की आईडीसी रेंज का विकल्प मिलेगा। कंपनी ने इसके सर्विस इंटरवल को बढ़ाकर 10,000 किलोमीटर या करीब एक साल, जो भी पहले हो, कर दिया है।
कोनार्क के सभी वेरिएंट में एथर की पांचवीं पीढ़ी की बेडरॉक बैटरी दी गई है। कंपनी ने बैटरी पर 10 साल या एक लाख किलोमीटर, जो भी पहले हो, की वारंटी देने की घोषणा की है। इसके साथ वारंटी अवधि के अंत तक कम से कम 70 फीसदी बैटरी हेल्थ की गारंटी भी दी गई है।
कंपनी के अनुसार, कोनार्क में 14 इंच का फ्रंट अलॉय व्हील और 12 इंच का रियर अलॉय व्हील दिया गया है। इसका व्हीलबेस 1,352 मिलीमीटर है और आगे तथा पीछे लॉन्ग-ट्रैवल सस्पेंशन दिया गया है। यह एथर का पहला स्कूटर है जिसमें पिछले हिस्से में मेटल पैनल और स्टील यूनीबॉडी चेसिस का इस्तेमाल किया गया है।
कोनार्क में एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकिंग सिस्टम (एईबीएस) दिया गया है। यह सिस्टम सड़क की स्थिति के आधार पर आगे और पीछे के पहियों के बीच ब्रेकिंग फोर्स को अपने आप समायोजित करता है। इसमें रीजेनरेटिव ब्रेकिंग की सुविधा भी है।
स्कूटर में मैजिक-की के साथ कीलेस सुविधा, स्मार्टवेक, ऑटोमैटिक लॉकिंग और रिमोट स्कूटर लोकेशन जैसे फीचर दिए गए हैं। ऑटोपॉप फीचर की मदद से सीट के नीचे मौजूद स्टोरेज को बिना हाथ लगाए खोला जा सकता है। वहीं, एयरवॉक फीचर कम जगह में स्कूटर को मैन्युअली खिसकाने में मदद करता है।
चार्जिंग के लिए कोनार्क में इंटीग्रेटेड ऑनबोर्ड चार्जर और चार्जिंग केबल दी गई है। कंपनी के अनुसार, वैकल्पिक 450 वॉट ऑफबोर्ड चार्जर को स्कूटर के बिल्ट-इन 450 वॉट चार्जर के साथ इस्तेमाल करने पर कुल 900 वॉट की चार्जिंग क्षमता मिल सकती है। इससे घर पर चार्जिंग का समय कम किया जा सकता है।
एथर एनर्जी के मुख्य व्यवसाय अधिकारी रवनीत एस. फोकेला ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर कंपनी के लिए इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के लिहाज से महत्वपूर्ण बाजार है। उन्होंने कहा कि कोनार्क में 10,000 किलोमीटर का सर्विस इंटरवल, 10 साल या एक लाख किलोमीटर की बैटरी वारंटी, 200 किलोमीटर तक की रेंज और फास्ट होम चार्जिंग जैसी सुविधाएं दी गई हैं।
दिल्ली-एनसीआर में वित्तीय वर्ष 2026 की पहली तिमाही में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी 6.27 फीसदी थी, जो वित्तीय वर्ष 2027 की पहली तिमाही में बढ़कर 9.23 फीसदी हो गई। कंपनी ने दिल्ली में 11 एक्सपीरियंस सेंटर और सात सर्विस सेंटर स्थापित किए हैं। दिल्ली-एनसीआर में उसके 273 एलईसीसीएस फास्ट चार्जिंग पॉइंट भी हैं।
उल्लेखनीय है कि एथर पहले से 450 सीरीज और रिज्टा इलेक्ट्रिक स्कूटर की बिक्री करती है। कोनार्क की लॉन्चिंग के साथ कंपनी ने दिल्ली-एनसीआर में अपने इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों के पोर्टफोलियो का विस्तार किया है।
एथर एनर्जी के मुख्य व्यवसाय अधिकारी रवनीत फोकेला ने कहा कि कोनार्क को रोजमर्रा की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। उन्होंने स्कूटर के 10,000 किलोमीटर के सर्विस इंटरवल, 10 साल या एक लाख किलोमीटर की बैटरी वारंटी, 200 किलोमीटर तक की आईडीसी रेंज, मेटल बॉडी, 14 इंच के फ्रंट व्हील और लॉन्ग-ट्रैवल सस्पेंशन को इसकी प्रमुख विशेषताओं में बताया। उन्होंने कहा कि कंपनी ने कोनार्क में ऐसी तकनीक और सुविधाएं देने पर ध्यान दिया है, जो इलेक्ट्रिक स्कूटर के रोजमर्रा के इस्तेमाल को आसान बनाती हैं।
एथर एनर्जी के मार्केटिंग प्रमुख सौरभ शर्मा ने कोनार्क के फीचर्स की जानकारी देते हुए कहा कि कंपनी ने इसमें कई तकनीकों को नए तरीके से पेश किया है। उन्होंने मैजिक-की, ऑटोपॉप, एयरवॉक और एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकिंग सिस्टम (एईबीएस) जैसी सुविधाओं का उल्लेख किया। उनके मुताबिक, इन फीचर्स का उद्देश्य केवल तकनीक जोड़ना नहीं बल्कि पार्किंग, ब्रेकिंग, स्टोरेज और रोजमर्रा की राइडिंग से जुड़ी जरूरतों को आसान बनाना है।
उन्होंने कहा कि मैजिक-की के जरिए बिना पारंपरिक चाबी के स्कूटर और स्टोरेज तक पहुंच की सुविधा मिलती है। ऑटोपॉप से सीट के नीचे का स्टोरेज अपने आप खोला जा सकता है, जबकि एयरवॉक कम जगह में स्कूटर को खिसकाने में मदद करता है। एईबीएस सड़क की स्थिति के अनुसार आगे और पीछे के पहियों के बीच ब्रेकिंग फोर्स को समायोजित करता है। कंपनी ने इन सुविधाओं को कोनार्क के प्रमुख तकनीकी बदलावों में शामिल किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर